Monday, 15 October 2018

द्वाराहाट: मंदिरों का प्राचीन सौन्दर्य

   द्वाराहाट का सौन्दर्य शिल्प देख कर कोई भी मुग्ध हो सकता है। इसे पौराणिक एवं ऐतिहासिक लघु शहर कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। 

   उत्तराखण्ड का द्वाराहाट वस्तुत: पर्वतीय क्षेत्र का एक सुन्दर आबाद क्षेत्र है। अल्मोड़ा जिला का द्वाराहाट अपनी विशिष्टता के कारण विश्व में एक खास स्थान रखता है। रानीखेत से करीब 21 किलोमीटर दूर स्थित द्वाराहाट मंदिरों के लिए विशेष तौर पर प्रसिद्ध है। 
   खास यह कि कई मंदिर तो प्रतिमा विहीन हैं लेकिन मंदिरों का सौन्दर्य शिल्प देखते ही बनता है। पर्वतीय क्षेत्र का यह सुन्दर इलाका अपनी आगोश में मंदिरों की विशिष्टता रखता है। 
   विशेषज्ञों की मानें तो द्वाराहाट में मंदिरों की 3 श्रेणियां हैं। इनको कचहरी, मनिया एवं रत्नदेव कहा जाता है। द्वाराहाट के मंदिर पौराणिकता एवं ऐतिहासिकता को खुद-ब-खुद बयां करते हैं। 
   ऐतिहासिक दृष्टि से द्वाराहाट का विशेष महत्व है। यहां गूजरदेव का मंदिर सर्वाधिक महत्वपूर्ण माना जाता है। इसका शिल्प सौन्दर्य एवं इसकी प्राचीनता विशिष्ट है। कलात्मकता की दृष्टि से इस मंदिर को उत्कृष्ट कहा जा सकता है। मंदिर को चारों ओरसे भित्ति अंकन एवं कला पूर्ण शिलापट्ट श्रंखला से अलंकृत किया गया है। 

    द्वाराहाट का माता शीतला देवी का मंदिर भी दिव्य-भव्य है। द्वाराहाट को वैराटपट्टन तथा लखनपुर सहित कई अन्य नामों से भी जाना पहचाना जाता है। कुमाऊं की प्रचलित लोककथाओं में द्वाराहाट को देवताओं की राजधानी भी कहा गया है। इसके पीछे एक बड़ा कारण यह है कि द्वाराहाट उत्तराखण्ड के भौगोलिक क्षेत्र के मध्य में स्थित है।

   कहावत है कि देवताओं ने द्वाराहाट को राजधानी के तौर पर चुना था। इसकी सुन्दरता एवं भव्यता दक्षिण भारत के कृष्ण की द्वारका के समानान्तर है। मान्यता है कि इस नगर की योजना प्रारम्भ हुई तो निर्णय लिया गया कि यहां रामगंगा एवं कोसी नदियों का संगम बनाया जाये। 

   देवताओं ने तत्काल गगास नदी से रामगंगा एवं कोसी को सूचना देने को कहा। हालात यह रहे कि विघ्न बाधाओं के कारण द्वाराहाट देव राजधानी नहीं बन सका। फिर भी द्वाराहाट की पौराणिकता, ऐतिहासिकता एवं सौन्दर्य शिल्प अतुलनीय है। उत्तराखण्ड के इस इलाके पर खास तौर से कत्यूरी एवं चन्द शासकों का शासन रहा। 

    कत्यूरी शासकों ने गढ़वाल जोशीमठ से चलकर गोमती नदी के किनारे बैजनाथ गांव के निकट शिव पुत्र स्वामी कार्तिकेय के नाम से कर्तिकेयपुर नगर की स्थापना की थी। यह सभी इलाके द्वाराहाट के अधीन आते हैं।
    विशेषज्ञों की मानें तो 12 वीं शताब्दी से लेकर 14 वीं शताब्दी तक कत्यूरी वंश की शाखायें द्वाराहाट से लेकर आसपास के इलाके में फैली हुर्इं थीं। समुद्र तल से करीब 1510 मीटर ऊंचाई पर स्थित द्वाराहाट शीतलता एवं सुन्दरता के लिए विशेष पहचान रखता है। 
   खूबसूरती एवं मंदिरों के लिए प्रसिद्ध द्वाराहाट को मंदिरों का गांव भी कहा जाता है। दूनागिरी एवं नयना देवी मंदिर को शक्ति स्थल के तौर पर मान्यता है। 

   मान्यता है कि दुर्लभ जड़ी बूटियां संजीवनी शक्ति मंदिर के आंतरिक क्षेत्र में पैदा होती हैं। द्वाराहाट में मंदिरों की लम्बी श्रंखला होने के कारण इसे कुमाऊं का खजुराहो भी कहते हैं। द्वाराहाट पर्यटकों को स्वर्णिम एवं देव लोक की यात्रा का एहसास कराता है। 

   द्वाराहाट का महामृत्युंजय मंदिर विशेष है। यह मंदिर भगवान शिव-मृत्युंजय अर्थात मृत्यु पर विजय पाने वालों को समर्पित है। यह मंदिर नागर शिखर शैली में निर्मित है। इसमें गर्भगृह, अंतराल एवं मण्डप आदि बहुत कुछ है।

    द्वाराहाट के मंदिरों का शिल्प विशिष्ट है। पत्थरों को तराश कर कहीं देवी देवताओं का अंकन किया गया है तो कहीं सुन्दर आयामों को गढ़ा गया है। द्वाराहाट की पौराणिकता, ऐतिहासिकता एवं खूबसूरती को पर्यटन ने विकास के पंख लगा दिये।

    लिहाजा इस पौराणिक नगर की ओर देश-विदेश के पर्यटकों का आकर्षण बना रहता है। समुद्र तल से 1510 मीटर ऊंचाई पर स्थित होने के कारण द्वाराहाट ने हिल स्टेशन का भी स्वरूप धारण कर लिया है। शांत वातावरण एवं शीतलता एक सुखद एहसास कराती है। प्राचीन मैथाडिस्ट चर्च भी यहां के सौन्दर्य शास्त्र का एक सुन्दर नगीना है।
    द्वाराहाट की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट पंतनगर है। पंतनगर एयरपोर्ट से द्वाराहाट की दूरी करीब 112 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन काठगोदाम जंक्शन है। काठगोदाम रेलवे स्टेशन से द्वाराहाट की दूरी करीब 88 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी द्वाराहाट की यात्रा कर सकते हैं।
29.774800,79.427300

Sunday, 7 October 2018

भीमबेटका गुफाएं: प्राचीन सौन्दर्य

    भीमबेटका गुफाएं निश्चय ही प्राचीन सौन्दर्य का अनुपम आयाम हैं। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला के इस पुरातात्विक एवं प्राचीन स्थल का सौन्दर्य शास्त्र दर्शनीय है।

   भीमबेटका गुफाओं को भीमबेटका शैलाश्रय भी कहा जाता है। भीमबेटका शैलचित्रों एवं शैलाश्रय के लिए देश दुनिया में प्रसिद्ध है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से करीब 45 किलोमीटर दूर भीमबेटका की गुफाएं मध्य पाषाण काल की मानीं जाती हैं।

    विशेषज्ञों की मानें तो भारतीय उपमहाद्वीप में मानव जीवन के प्राचीनतम चिह्न यह गुफाएं हैं। विशेषज्ञों की मानें तो भीमबेटका गुफाओं की खोज वर्ष 1957-1958 के आसपास डाक्टर विष्णु श्रीधर याकणकर ने की थी।

   विशिष्टताओं से प्रभावित होकर वर्ष 1990 में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने इस क्षेत्र को राष्ट्रीय महत्व का स्थल घोषित कर दिया था। यूनेस्को ने भीमबेटका गुफाओं को वर्ष 2003 में विश्व धरोहर स्थल घोषित कर दिया था। 

    भीमबेटका गुफाओं में प्राचीन किला, लघु स्तूप, पाषाण निर्मित भवन, शुंग गुप्त कालीन अभिलेख, परमार कालीन मंदिर आदि इत्यादि हैं। मान्यता है कि भीमबेटका गुफाओं का ताल्लुक महाभारत काल के चरित्र भीम से है। शायद इसी लिए इस स्थान का नामकरण भीमबेटका है। 

   भीमबेटका गुफाएं वस्तुत: विंध्याचंल की पहाड़ियों के निचले किनारे पर स्थित है। इसी स्थान पर दक्षिण में सतपुड़ा पहाडियों की श्रंखला प्रारम्भ हो जाती हैं। भीमबेटका गुफाएं खास तौर से करीब 750 शैलाश्रय चित्रों से सुशोभित हैं। भीमबेटका गुफाओं में प्रवेश करते ही शिलाओं पर अंकित जानकारियां वस्तुस्थिति से अवगत कराती हैं। 

   इन शैलचित्रों में मुख्यत: नृत्य, सामूहिक नृत्य, संगीत, रेखांकित मानव आकृति, शिकार, पशु-पक्षी, युद्ध, प्राचीन मानव इतिहास, हाथियों की सवारी, घोड़ों की दौड़, आभूषण सज्जा, बाघ, सिंह, शेर आदि इत्यादि हैं।

   चित्रों में खास तौर से खनिज रंगों का उपयोग किया गया है। इनमें लाल, गेरुआ, सफेद, हरा एवं पीला रंग प्रयोग किया गया है। यह शैल चित्र हजारों वर्ष पूर्व का जीवन दर्शाते हैं। भीमबेटका गुफाओं की दर-ओ-दीवार पर धार्मिक संकेत भी दिखते हैं।

    भगवान गौतम बुद्ध का दर्शन शास्त्र भी यहां दिखता है। इतना ही नहीं भीमबेटका गुफाओं के आसपास भी प्राचीन धरोहर की एक लम्बी श्रंखला है। भीमबेटका गुफाओं से करीब 5 किलोमीटर दूर पेंगावन में 35 शैलाश्रय पुरातत्व विभाग को मिले थे। 

   यह शैल चित्र भी अति दुलर्भ माने जाते हैं। इन शैल चित्रों की प्राचीनता भी हजारों वर्ष पुरानी है। भीमबेटका गुफाओं की यह श्रंखला रायसेन जिला के ओबेदुल्लागंज से करीब 9 किलोमीटर दूर स्थित है।

   खास यह भीमबेटका गुफाओं का यह क्षेत्र विशेष वनस्पतियों से घिरा है। प्राकृतिक सौन्दर्य का यह इन्द्रधनुषी आयाम अति दर्शनीय है।

   भीमबेटका गुफाओं की तुलना आस्ट्रेलिया के ककाडू नेशनल पार्क से की जाती है। विशेषज्ञों की मानें तो गुफाओं एवं आश्रय स्थलों की प्राचीनता 30000 साल से भी पुरानी अवलोकित होती है।


   भीमबेटका गुफाओं की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट भोपाल है। भोपाल से भीमबेटका गुफाओं की दूरी करीब 45 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन भी भोपाल में स्थित है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी भीमबेटका की यात्रा कर सकते हैं।
23.330000,77.784100

Wednesday, 3 October 2018

गोवा के चर्च: सुन्दर वास्तुशिल्प

  गोवा के चर्च एवं कांवेंट्स को वास्तुकला का विलक्षण आयाम कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। गोवा के चर्च को एतिहासिक धरोहर का दर्जा दिया गया है।

  खास यह कि गोवा के शानदार एवं आलीशान चर्च यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं। दक्षिण भारतीय राज्य गोवा में सुन्दर एवं आलीशान चर्च एवं कांवेंट्स की एक लम्बी श्रंखला है। 

  चर्च एवं कांवेंट्स की इस श्रंखला में खास तौर से देखें तो बॉम जीसस बेसिलिका, सेंट फ्रांसिस चर्च, सेंट कैजटन चर्च, सेंट कैथरीन का चैपल, लेडी रोजरी चर्च, मोंटें हिल चर्च, सेंट एलेक्स चर्च, नोसासेनारा एवं चर्च ऑफ लेडी मिरकल्स आदि हैं। यह चर्च एवं कांवेंट्स एशिया के शीर्ष एवं प्रमुख स्मारकों में से हैं।

   इनकी वास्तु संरचना देश विदेश के पर्यटकों को लुभाती एवं आकर्षित करती है। विशेष तौर से चर्च ऑॅफ बॉम्ब जीसस देश दुनिया में अपने सौन्दर्य के लिए जाना-पहचाना जाता है। गोवा देश विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद में गिना जाता है। 

  पर्यटक गोवा में समुद्र का रोमांच महसूस करने के साथ ही वास्तुशिल्प की विलक्षणता देख कर भी आश्चर्यचकित होते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो गोवा के चर्च एवं कांवेंट्स एक मिशन के तहत बनाये गये थे लेकिन इनकी सुन्दरता ने विशेष बना दिया।
   बेसिका ऑॅफ बॉम जीसस पूर्वी पणजी में स्थित है। यह स्थान गोवा की राजधानी पणजी से करीब 10 किलोमीटर दूर है। इसका निर्माण 16 वीं शताब्दी में कराया गया था।

   विशेषज्ञों की मानें तो बॉम जीसस का अर्थ शिशु जीसस या अच्छे जीसस से होता है। कैथोलिक चर्च को भारत में बरोक वास्तुकला का सर्वोत्तम उदाहरण माना जाता है। इसका विस्तार एवं सजावट अतुलनीय है। 

  चर्च को शानदार एवं श्वेत संगमरमर से सजाया संवारा गया है। भित्ति चित्र एवं आंतरिक शिल्पकला दर्शनीय है। बताते हैं कि बेसिलिका के इस चर्च में सेंट फ्रेंसिस जेवियर के पवित्र अवशेष रखे हैं। जेवियर गोवा के संरक्षक संत थे। उनका देहांत 1552 में हो गया था। 

   संत जेवियर का मकबरा इटालियन कला एवं हिन्दू शिल्पकला का शानदार एवं अद्भुत मिश्रण है। इसमें अल्तार लकड़ी, पथरीली चट्टानों, स्वर्ण एवं ग्रेनाइट के समिश्रण से शिल्पकला एवं पच्चीकारी का सुन्दर आयाम बनाया गया है। मकबरा के खम्भों में संगमरमर का शानदार उपयोग एवं नक्काशी की गयी है। 

  कैथड्रल भवन के निर्माण में पुर्तगाली एवं गोथिक शैली का शिल्प अपनाया गया। इस चर्च की लम्बाई 250 फुट एवं चौड़ाई करीब 181 फुट है। सामने का हिस्सा करीब 115 फुट ऊंचा है। खास यह कि कैथड्रल की बाह्य सज्जा शैली सादापन की सुन्दरता से आलोकित है। 

   आंतरिक साज-सज्जा दर्शनीय है। आंतरिक साज-सज्जा दर्शकों को मुग्ध कर लेती है। विशेषज्ञों की मानें तो सेंट फ्रांसिस असीसी चर्च का निर्माण 1500 में किया गया था। इस सुन्दर एवं विलक्षण चर्च का निर्माण 8 फ्रांसीसी भिक्षुओं ने संयुक्त तौर से किया था। यह चर्च लेटराइट से बना है।

   पर्यटक इस चर्च की वास्तुकला के तुस्कान एवं मेनूलाइन बुनियादी बातों पर आश्चर्यचकित होते हैं। हालांकि फ्रांसीसी भिक्षुओं के द्वारा बनवाये गये इस चर्च का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया। फिर भी अवशेष दिव्यता-भव्यता को दर्शाते हैं।
    गोवा के इन चर्च एवं कांवेंट्स की यात्रा करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गोवा है। गोवा का एयरपोर्ट डाबोलिन है। निकटतम रेलवे स्टेशन गोवा है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी गोवा की यात्रा कर सकते हैं।
15.441540,73.893200

Sunday, 30 September 2018

नालन्दा महाविहार: बौद्ध धर्म की धरोहर

   नालन्दा महाविहार को बिहार का श्रेष्ठतम पर्यटन केन्द्र कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, बिहार का नालन्दा महाविहार अपने प्राचीन इतिहास के लिए विश्व प्रसिद्ध है। 

    बिहार शरीफ जिला स्थित नालन्दा विश्वविद्यालय वैश्विक धरोहर की श्रेणी में गिना जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो नालन्दा विश्वविद्यालय दुनिया का पहला आवासीय विश्वविद्यालय था। दुनिया के असंख्य देशों से छात्र अध्ययन के लिए नालन्दा आते थे। खास यह कि नालन्दा विश्वविद्यालय के अवशेष आज भी मौजूद हैं।

   विशेषज्ञों की मानें तो 14 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नालन्दा विश्वविद्यालय के अवशेष मिले थे। नालन्दा विश्वविद्यालय की सभी इमारतों का निर्माण लाल बलुआ पत्थरों से किया गया था।
   विश्वविद्यालय परिसर दक्षिण-उत्तर दिशा की ओर निर्मित है। मठ एवं विहार पूर्व दिशा में अवस्थित हैं। परिसर की मुख्य इमारत में बिहार 1 थी। वर्तमान में यहां दोमंजिला इमारत निर्मित है।

   विलक्षणताओं एवं विशेषताओं के कारण नालन्दा विश्वविद्यालय को यूनेस्को ने विश्व धरोहर सूची में शामिल किया है। भगवान गौतम बुद्ध एवं भगवान महावीर कई बार नालन्दा विश्वविद्यालय में ठहरे थे। 
   विशेषज्ञों की मानें तो भगवान महावीर ने मोक्ष की प्राप्ति नालन्दा स्थित पावापुरी में की थी। खास यह कि नालन्दा विश्वविद्यालय को नालन्दा महाविहार भी कहा जाता है। परिसर में विश्वविद्यालय के अवशेष, संग्रहालय, नव नालन्दा महाबिहार, ह्वेनसांग मेमोरियल हाल दर्शनीय है। 

   नालन्दा महाविहार एवं आसपास दर्शनीय एवं पर्यटन स्थलों की एक लम्बी श्रंखला है। इनमें खास तौर से राजगीर, पावापुरी, गया एवं बोध गया आदि इत्यादि हैं। 
   विशेषज्ञों की मानें तो नालन्दा विश्वविद्यालय अर्थात नालन्दा महाविहार के अवशेष की खोज अलेक्जेंडर कर्निघंम ने की थी। पांचवीं शताब्दी से बारहवीं शताब्दी तक इसे बौद्ध शिक्षा केन्द्र के तौर पर वैश्विक स्तर पर जाना-पहचाना जाता था। 

   दुनिया के इस पहले आवासीय अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय में 10000 से अधिक छात्र यहां रह कर शिक्षा ग्रहण करते थे। दुनिया की कई नामचीन हस्तियो ने नालन्दा में रह कर शिक्षा हासिल की थी। विशेष यह कि 2000 से अधिक शिक्षक यहां रह कर छात्रों को शिक्षा देते थे।
   यहां आने वाले बौद्ध यात्रियों की संख्या भी अच्छी रहती थी। गुप्त राजवंश ने प्राचीन कुषाण वास्तुशैली के इन मठ एवं अन्य सम्पदाओं को अपेक्षित संरक्षण दिया था। 
   सम्राट अशोक एवं हर्षवर्धन ने नालन्दा महाविहार में सबसे अधिक मठ, विहार एवं मंदिरों का निर्माण कराया था। पुरातात्विक विभाग के द्वारा यहां की गयी खुदाई से पुरातात्विक संरचनाओं की जानकारी मिलती है।
   करीब 800 वर्षों तक नालन्दा ज्ञान का क्षेत्र रहा। वैदिक शिक्षा के लिए नालन्दा विश्व में जाना पहचाना गया। छठ पूजा के लिए प्रसिद्ध सूर्य मंदिर भी यहां से कुछ दूर पर स्थित है। 

   नालन्दा पुरातात्विक संग्रहालय: नालन्दा पुरातात्विक संग्रहालय विश्वविद्यालय परिसर की विपरीत दिशा में स्थित है। इस संग्रहालय में खुदाई से प्राप्त अवशेषों को प्रदर्शित किया गया है। 
  इसमें भगवान गौतम बुद्ध की विभिन्न मुद्राओं, आकार-प्रकार की मूर्तियों का अच्छा एवं समृद्ध संग्रह है। बुद्ध की टेराकोटा मूर्तियों बेहतरीन संग्रह है। संग्रहालय में तांबे की प्लेट, पत्थर पर अंकित अभिलेख, प्राचीन सिक्के, बर्तन एवं अन्य बहुत कुछ प्रदर्शित है। 
   नव नालन्दा महाविहार: नव नालन्दा महाविहार एक शिक्षा संस्थान है। इसमें पाली साहित्य, बौद्ध धर्म की शिक्षा एवं अनुसंधान होता है। हालांकि यह एक नया शिक्षा संस्थान है। फिर भी इसकी ख्याति वैश्विक स्तर पर है। खास यह है कि विदेशों के छात्र यहां शिक्षा के लिए बड़ी संख्या में आते हैं।
   ह्वेनसांग मेमोरियल हाल: ह्वेनसांग मेमोरियल हाल एक नव निर्मित भवन है। इस भवन का निर्माण चीन के विख्यात यात्री ह्वेनसांग की स्मृति में किया गया है। इसमें ह्वेनसांग से संबंधित वस्तुओं का प्रदर्शन एवं उनकी मूर्ति स्थापित है। 

   सिलाव: सिलाव नालन्दा एवं राजगीर के मध्य स्थित है। सिलाव की मिठाई खाजा देश दुनिया में विशेष तौर पर प्रसिद्ध है। पर्यटक सिलाव में खाजा का स्वाद ले सकते हैं।
   सूरजपुर बड़गांव: सूरजपुर बड़गांव में भगवान सूर्य का अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध मंदिर है। यहां एक भव्य-दिव्य झील भी है। यहां छठ का उत्सव खास तौर से मनाया जाता है।


   नालन्दा महाविहार की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पटना है। पटना एयरपोर्ट से नालन्दा की दूरी करीब 89 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन नालन्दा जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी नालन्दा महाविहार की यात्रा कर सकते हैं।
25.199700,85.510040

Friday, 21 September 2018

अगरतला : समृद्ध सांस्कृतिक शहर

    अगरतला को पूर्वोत्तर भारत का एक खूबसूरत एवं सांस्कृतिक शहर कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, पूर्वोत्तर का अगरतला देश के त्रिपुरा की राजधानी है।

   इसकी सांस्कृतिक समृद्धता बेमिशाल है। मनोरंजन एवं पर्यटन की दृष्टि से भी पूर्वोत्तर भारत के इस शहर का कोई जोड़ नहीं। हरोआ नदी के किनारे रचा-बसा त्रिपुरा का यह शहर पर्यटन की दृष्टि से भी खास है। एडवेंचर के असंख्य विकल्प अगरतला में मौजूद हैं। जीव-जंतु एवं वनस्पतियों की प्रचुरता अगरतला को कुछ खास बना देती हैं। 

   लिहाजा देश-दुनिया के पर्यटकों का अगरतला आना-जाना निरंतर जारी रहता है। भौगोलिक दृष्टि से देखें तो अगरतला देश की अन्य प्रांतीय राजधानियों से काफी कुछ अलग है। अगरतला बंगला देश तक फैले गंगा-ब्राह्मपुत्र के मैदानी इलाके के पश्चिम में है। लिहाजा अगरतला का एक बड़ा हिस्सा पर्यावरण से आच्छादित है। शांत एवं सुसंस्कृत शहर अगरतला पर्यटकों को आकर्षित करता है। 

   अगरतला संस्कृति एवं प्राकृतिक सुन्दरता के मध्य पर्यटकों को कुछ खास ऊर्जावान बना देता है। विशेषज्ञों की मानें तो अगरतला 19 वीं शताब्दी में अस्तित्व में आया। माणिक्य वंश ने अगरतला को विकसित कर अपनी राजधानी बनाया था।

   उत्तरी त्रिपुरा के उदयपुर स्थित रंगमाटी से अगरतला को राजधानी बनाया गया था। दरअसल अगरतला की परिकल्पना महाराज वीर विक्रम किशोर माणिक्य बहादुर ने की थी। शायद इसी कारण अगरतला को वीर विक्रम सिंह माणिक्य बहादुर का शहर भी कहा जाता है। 

    शायद इसी लिए अगरतला शाही सम्पदाओं से अति समृद्ध है। इनमें खास तौर से देखें तो विलक्षण सम्पदाओं की एक लम्बी श्रंखला है। इनमें खास तौर से उज्जयंता महल, नीरमहल, महाराजा वीर विक्रम कालेज, लक्ष्मी नारायण मंदिर एवं रविन्द्र कनान आदि इत्यादि बहुत कुछ है। अगरतला के हस्तशिल्प का अपना यहां एक अलग अंदाज है।  
   उज्जयंता महल: उज्जयंता महल का निर्माण महाराजा राधा किशोर माणिक्य ने वर्ष 1901 में कराया था। फिलहाल इसका उपयोग राज्य विधानसभा के तौर पर किया जाता है। इसकी सुन्दरता एवं वास्तुशिल्प देखते ही बनता है। करीब 800 एकड़ में फैला यह परिसर शहर का मुख्य स्मारक भी है। इसमें बाग-बगीचे, मानव निर्मित झीलें भी हैं। 
   नीरमहल: नीरमहल शहर से करीब 53 किलोमीटर दूर स्थित है। इस खूबसूरत एवं विलक्षण महल का निर्माण महाराजा वीर विक्रम किशोर माणिक्य ने कराया था। रुद्रसागर झील के मध्य बने इस नीरमहल में महाराजा गर्मियों में ठहरते थे। नीरमहल में मुगल एवं हिन्दू वास्तुशिल्प का सम्मिश्रित स्वरूप दिखता है। नीरमहल की ख्याति देश-दुनिया के सुन्दर वास्तुशिल्प के तौर पर है। 
   जगन्नाथ मंदिर: जगन्नाथ मंदिर अगरतला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है। जगन्नाथ मंदिर अपनी अनूठी वास्तुशिल्प शैली के लिए ख्याति रखता है। मंदिर एक अष्टभुजीय संरचना है।
    महाराजा वीर विक्रम कालेज: महाराजा वीर विक्रम कालेज का निर्माण 1947 में महाराजा वीर विक्रम सिंह ने कराया था। कालेज निर्माण के पीछे मंशा युवाओं को व्यावसायिक एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षा का प्रबंध करना था।

   लक्ष्मी नारायण मंदिर: लक्ष्मी नारायण मंदिर हिन्दुओं के एक तीर्थ की भांति है। इसका निर्माण कृष्णानन्द सेवायत ने कराया था। इसे अगरतला के लोकप्रिय पर्यटन स्थल के तौर पर भी जाना जाता है। इसे लक्ष्मी नारायण बाड़ी भी कहा जाता है।
   रविन्द्र कनान: रविन्द्र कनान राजभवन के निकट एक अति समृद्धशाली उद्यान है। इसका उपयोग खेल मैदान के तौर पर भी होता है। शहर का यह एक आदर्श पिकनिक स्पॉट भी है।

   वेणुबन विहार : बेणुबन विहार एक दर्शनीय स्थल है। वस्तुत: यह एक बौद्ध मंदिर है। इसकी दर्शनीयता बेहद आकर्षक है।
    अगरतला की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट अगरतला है। निकटतम रेलवे स्टेशन अगरतला जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी अगरतला की यात्रा कर सकते हैं।
23.833820,91.282420

शांति निकेतन: सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर    शांति निकेतन को आध्यात्मिक धरोहर कहा जाना चाहिए। जी हां, शांति निकेतन संस्कृति, परम्परा...