Friday, 24 August 2018

हुमायूं का मकबरा: शानदार वास्तुशिल्प

   हुमायूं का मकबरा को वास्तुशिल्प एवं स्थापत्य शैली का शानदार आयाम कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। 

  जी हां, दिल्ली स्थित हुमायूं का मकबरा की सुन्दरता का कहीं कोई जोड़ नहीं। यह मुगल वास्तुकला एवं स्थापत्य कला की एक सयंुक्त संरचना है। खास यह कि हुमायूं का मकबरा देश का पहला शाही मकबरा है। करीब 21.60 हेक्टेयर में फैले मकबरा की सुन्दरता देखते ही बनती है। 

   इसमें 16 वीं सदी के मुगल उद्यान के गुम्बदों की शानदार श्रंखला है। हुमायूं का मकबरा शहंशाह अकबर के संरक्षण में 1560 के दशक में बना था। नई दिल्ली के दीनापनाह अर्थात पुराने किला के निकट निजामुद्दीन पूर्व क्षेत्र में स्थित है। इस परिसर में मुख्य इमारत हुमायूं का मकबरा है। साथ ही परिसर में हुमायूं सहित कई मुगल शासकों की कब्रगाह हैं।

    विलक्षण वास्तुशिल्प एवं स्थापत्य शैली के कारण इसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर घोषित किया है। विशेषज्ञों की मानें तो भारत में मुगल वास्तुकला की पहली संरचना है। इस मकबरा में चारबाग शैली को अपनाया गया। जिसको आधार बना कर ताजमहल का निर्माण किया गया था।
   हुमायूं का यह मकबरा उनकी विधवा बेगम हमीदा बानो बेगम की इच्छा पर 1560 में बनाया गया था। इसके वास्तुकार इब्न मुबारक मिराक घियाथुद्दीन एवं उनके पिता मिराक घुइयाथुद्दीन थे। इन वास्तुशिल्पियों को अफगानिस्तान से बुलाया गया था। इस भव्य दिव्य इमारत को बनाने में करीब 8 वर्षों का समय लगा था। 

   खास यह कि चारबाग शैली का यह पहला उदाहरण बना। लाल बलुआ पत्थरों का बड़े पैमाने पर उपयोग किया गया। मकबरा में हुमायूं की कब्रगाह के बगल में बेगम हमीदा की कब्र है। इसके अलावा मकबरा में कई अन्य मुगल शासकों की कब्रगाह हैं। 

   मकबरा के लिए इस स्थान का चयन यमुना नदी के किनारे हजरत निजामुद्दीन की दरगाह से निकटता को ध्यान में रख कर किया गया था। निजामुद्दीन दिल्ली प्रसिद्ध सूफी संत थे। मुगल शासक निजामुद्दीन का काफी सम्मान करते थे।
   हुमायूं का मकबरा स्थापत्य शैली का अद्भुत उदाहरण है। स्थापत्य शैली की विलक्षणता एक नजर में ही यहां देखी जा सकती है। इस विशाल इमारत में करीब 16 मीटर ऊंचे दो मंजिला प्रवेश द्वार बने हैं। यह दक्षिण एवं पश्चिम में हैं। मुख्य इमारत में सितारे के समान एक छह किनारों वाला सितारा प्रवेश द्वार है।

   मकबरा का निर्माण मुख्य तौर पर गारा-चूना जोड़ कर किया गया है। इसके उपर पच्चीकारी, फर्श की सतह, झरोखों की जालियों, द्वार चौखट एवं झज्जों में श्वेत संगमरमर का उपयोग किया गया है। मकबरा करीब 8 मीटर ऊचे मूल चबूतरा पर खड़ा है।
   मकबरा में फारसी वास्तुकला का भी उपयोग दिखता है। आंतरिक बनावट में केन्द्रीय कक्ष सहित नौ कक्ष हैं। मुगल उद्यान चारबाग शैली में बने हैं। चारबाग शैली पर आधारित यह उद्यान दक्षिण एशिया के अपनी प्रकार का विशिष्ट उद्यान हैं। विशिष्टता के कारण हुमायूं का मकबरा पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केन्द्र रहता है। 
     इस मकबरा में सौ से अधिक कब्र हैं। अधिकांश कब्र पर नाम अंकित न होने से पहचान मुश्किल होने लगी है। इतना तो सुनिश्चित है कि यह सभी कब्र मुगल साम्राज्य के राज परिवार एवं उनके दरबारियों से ताल्लुक रखती हैं। मकबरा परिसर में चारबाग के अंदर दक्षिण-पूर्व दिशा में 1590 का बना नाई का गुम्बद भी खास है। यह शाही नाई हुआ करता था।
    हुमायूं के मकबरे की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है। निकटतम रेलवे स्टेशन नई दिल्ली जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते है।
28.592240,77.242670

Monday, 20 August 2018

जल महल : विलक्षण वास्तुशास्त्र

   जल महल को वास्तुशास्त्र का विलक्षण आयाम कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित जल महल की सुन्दरता भी नायाब है।

  मान सागर झील के मध्य स्थित जल महल की ख्याति देश दुनिया में है। अरावली पर्वत श्रंखला के मध्य स्थित यह महल शान-ओ-शौकत का एक सुन्दर नगीना है। झील के मध्य में स्थित होने के कारण इसे आई बॉल भी कहा जाता है। दो मंजिला इस महल में सुन्दरता का हर आईना मौजूद है।

    शायद इसी लिए इसे रोमांटिक महल भी कहा जाता है। राजा जय सिंह के शासनकाल में निर्मित यह महल मध्यकालीन महलों की तरह है। इसमें खास तौर से सुन्दर मेहराब, नक्काशीदार बुर्ज, आकर्षक छतरियां एवं आलीशान सीढ़ियां हैं। सुन्दरता का एक आयाम यह भी है कि जल महल के निर्माण में राजपूताना शैली के साथ ही मुगल शैली की खासी झलक मिलती है। 

    जल महल को सुरम्य बनाने के लिए सुन्दर बगीचा भी बनाया गया था। खास यह कि जल महल के इस बगीचे में एक लाख से अधिक वृक्ष हैं। राजस्थान के सर्वाधिक ऊंचाई वाले वृक्ष यहां पाये जाते हैं। 
   लिहाजा जल महल क्षेत्र अब पक्षी अभ्यारण का स्वरूप भी ले रहा है। पक्षी अभ्यारण में विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का कोलाहल-कलरव रहता है। विशेषज्ञों की मानें तो राजा जय सिंह ने इस शानदार एवं विलक्षण महल का निर्माण खास प्रयोजन से कराया था।

   जयपुर-आमेर मार्ग पर स्थित मान सागर झील के मध्य इस जल महल का निर्माण स्नान के खास मकसद से कराया गया था। राजा जय सिंह ने अश्वमेध यज्ञ के बाद अपनी रानियों एवं पंड़ितों के स्नान के लिए बनवाया था। जल महल के निर्माण से पहले राजा जय सिंह ने जयपुर की जलापूर्ति के लिए गर्भावती नदी पर बांध बनवा कर मान सागर झील का निर्माण कराया था। 

    इसका निर्माण वस्तुत: 1799 में कराया गया था। राजपूत शैली में संरचित इस जल महल का निर्माण नौकाओं के सहयोग से किया गया था। राजा जय सिंह अपनी रानी के साथ जल महल में खास वक्त बिताया करते थे।
    जल महल का उपयोग खास उत्सव के आयोजन के लिए भी करते थे। खास यह कि जल महल तपते रेगिस्तान में भी शीतलता प्रदान करता है। कारण जल महल का एक बड़ा हिस्सा पानी के अंदर बना है। 

   जल महल से पहाड़ एवं झील का अति खूबसूरत नजारा दिखता है। चांदनी रात में झील का पानी एवं जल महल का सुन्दर नजारा दिखता है। खास यह कि जल महल के रास्तों को भी अति सुन्दर तौर तरीके से सजाया गया है। 
   निकट ही चमेली बाग है। चमेली बाग की सुगंध दिल-दिमाग को तरोताजा कर देती है। मान सरोवर के आगे विशाल पर्वत श्रंखला देखने को मिलती है। सरोवर के शीर्ष पर ऐतिहासिक किले एवं मंदिर हैं। शीर्ष से जल महल की दिव्यता-भव्यता का अंदाज कुछ अलग ही दिखता है। जल महल की दिव्यता-भव्यता को ध्यान में रख कर इसे संरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया है। खास यह कि जल महल की यात्रा करने का सबसे उत्तम समय सितम्बर के बाद होता है।
   जयपुर स्थित जल महल की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जयपुर है। निकटतम रेलवे स्टेशन जयपुर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
26.956620,75.842470

Friday, 10 August 2018

कुतुब मीनार : विलक्षण वास्तुशिल्प

   इच्छाशक्ति हो तो कुछ भी नामुमकिन नहीं। जी हां, दिल्ली की कुतुब मीनार का निर्माण भी इच्छाशक्ति से ही हुआ। 

    इच्छाशक्ति ने कुतुब मीनार को विश्व की सबसे ऊंची मीनार के तौर पर खड़ा कर दिया। कुतुब मीनार को अफगानिस्तान के जाम की मीनार को चुनौती देते हुये बनाया गया। दिल्ली के महरौली इलाका स्थित कुतुब मीनार दुनिया की श्रेष्ठतम शिखर वाली र्इंट से बनी मीनार है। 

    दक्षिणी दिल्ली के महरौली स्थित कुतुब मीनार एक सुन्दर आयाम है। भारतीय वास्तुशिल्प एवं कला का अनुपम आयाम कुतुब मीनार की ख्याति दुनिया में है। इसकी ऊंचाई 72.5 मीटर एवं चौड़ाई 14.3 मीटर है। यह 14.3 मीटर की चौड़ाई शिखर तक जाकर 2.75 मीटर में सिमट जाती है। यह मीनार एक भव्य-दिव्य आकार के अहाते में स्थित है। 

    यूनेस्को ने कुतुब मीनार को विश्व धरोहर सूची में शामिल किया है। इस अट्टालिका की सुन्दरता एवं उत्कृष्टता देखने दुनिया भर के पर्यटक आते हैं। दिल्ली के प्रथम मुगल शासक कुतबुद्दीन ऐबक ने कुतुब मीनार का निर्माण 1193 में आरम्भ किया था। हालांकि वह इस अट्टालिका का आधार ही बनवा पाये थे। बाद में उनके उत्तराधिकारी इल्तुतमिश ने इसकी तीन मंजिल को विस्तार दिया। बाद में 1368 में फिरोजशाह तुगलक ने मीनार का निर्माण पूरा कराया था। यह मीनार पांच मंजिला है। 

   खास यह कि प्रत्येक मंजिल पर एक बालकनी है। निर्माण के समय के साथ इसके बदलाव भी हुये। पहली तीन मंजिल लाल बलुआ पत्थर से बनी हैं। इसके बाद चौथी एवं पांचवी मंजिल मार्बल एवं बलुआ पत्थरों से बनी हैं। ऐबक से तुगलक तक के शासनकाल का बदलाव कुतुब मीनार के स्थापत्यकला एवं वास्तुशिल्प में दिखता है। मीनार का निर्माण लाल बलुआ पत्थर से किया गया है। मीनार में कुरान की आयतों, फूलों एवं बेलों का महीन नक्काशी से अंकन है। 

   कुतुब मीनार का इलाका पुरातन दिल्ली क्षेत्र कहलाता है। इस मीनार के निकट ही भारत की पहली क्वातुल इस्लाम मस्जिद है। बताते हैं कि इसका निर्माण 27 हिन्दू मंदिरों को तोड़ कर किया गया था। इस मस्जिद परिसर में 7 मीटर ऊंचा लौह स्तम्भ है। दिल्ली अंतिम हिन्दू राजाओं तोमर एवं चौहानों की राजधानी थी।
   देश का यह विश्व प्रसिद्ध बेहतरीन स्मारक है। खास तौर से इस स्मारक में 379 सीढ़ियां हैं। कुतुब मीनार का डिजाइन ऐसा किया गया है जिससे हर मंजिल खास अंदाज में दिखे। बलुआ पत्थरों के खम्भों पर गोलाकार खास नक्काशी की गयी है। दूसरी मंजिल पर गोल नक्काशी की गयी है। मीनार परिसर को सुसज्जित किया गया है।
    महरौली स्थित कुतुब मीनार की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट इन्दिरा गांधी इण्टरनेशनल एयरपोर्ट नई दिल्ली है। निकटतम रेलवे स्टेशन नई दिल्ली है। सड़क मार्ग से भी पर्यटक यात्रा कर सकते हैं।
28.524427,77.185455

Sunday, 5 August 2018

फतेहपुर सिकरी : सुन्दर वास्तुकला

   फतेहपुर सिकरी को वास्तुशिल्प का विलक्षण अलंकरण कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के निकट स्थित फतेहपुर सिकरी मुगल शासकों का एक सुन्दर एवं विहंगम आयाम है।

   मुगल शासक अकबर ने इस शानदार-जानदार शहर फतेहपुर सिकरी को मुगल साम्राज्य की राजधानी के तौर पर विकसित एवं स्थापित किया था। मुगल शासक अकबर ने एक अभियान के बाद फतेहपुर सिकरी को छोड़ दिया था। इतना ही नहीं फतेहपुर सिकरी भारतीय संस्कृति एवं धार्मिकता को भी रेखांकित करती है। विशेषज्ञों की मानें तो फतेहपुर सिकरी की स्थापना 1571 में हुयी थी। इसका नाम सिकरी गांव के आधार पर रखा गया था।

    फतेहपुर सिकरी को विजय का शहर के नाम से भी जाना-पहचाना जाता है। खास यह कि फतेहपुर सिकरी में आलीशान आवास एवं बाजार सहित बहुत कुछ विलक्षण है। इसकी वास्तुकला अद्भुत एवं विलक्षण है। करीब 1.90 किलोमीटर लम्बा एवं 1 किलोमीटर चौड़ाई वाला फतेहपुर सिकरी अपनी सुन्दरता के लिए देश विदेश में खास तौर से जाना जाता है। यह चौतरफा ऊंची दीवारों से घिरा इलाका है। 

   बाग-बगीचों एवं सुन्दर जलाशयों से युक्त फतेहपुर सिकरी मुगल शासकों का अति पसंदीदा स्थल था। फतेहपुर सिकरी का निर्माण लाल बलुआ पत्थरों से किया गया है। फतेहपुर सिकरी में दरवाजों की एक लम्बी श्रंखला है। इन दरवाजों को दिल्ली गेट, लाल गेट, आगरा गेट, बीरबल गेट, चंदनपाल गेट, ग्वालियर गेट, तेहर गेट, चोर गेट, अजमेरी गेट आदि हैं। रानी जोधा के लिए ग्रीष्मकालीन एवं सर्दी के लिए अलग अलग महल थे। बुलंद दरवाजा को फतेहपुर सिकरी की शान माना जाता है। 
   बुलंद दरवाजा : बुलंद दरवाजा मंडली मस्जिद के दक्षिणी इलाका में स्थित है। खास यह कि बुलंद दरवाजा बाहर से करीब 180 फुट ऊंचा है। यहां के शिलालेख शांति का संदेश देते हैं।
    जामा मस्जिद : जामा मस्जिद फतेहपुर सिकरी के निर्माण अवधि की शायद पहली इमारत है। इसका आंगन बुलंद दरवाजा से ताल्लुक रखता है। गुम्बद एवं मेहराब आदि अति दर्शनीय हैं। 
   सलीम चिश्ती का मकबरा : सलीम चिश्ती का मकबरा बेहद दर्शनीय है। सफेद संगमरमर से बना मकबरा एक मंजिला है। ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे किसी संत की कब्रागाह हो। नक्काशीदार जाली एवं डिजाइन मुग्ध कर देती है। मकबरा के बायीं ओर शेख बदरुद्दीन चिश्ती के पुत्र इस्लाम खान का मकबरा है। यह लाल बलुआ पत्थरों से बना है।
   दीवान-ए-आम : दीवान-ए-आम एक खास इमारत है। मुगल शासक इस दीवान-ए-आम में बैठ कर आम जनता की शिकायतों एवं दुख दर्द को सुनते थे। यहीं से निदान भी किया जाता था। यह एक बड़ा एवं खुला आकार का मण्डप वाला स्थान है। यह एक आयातकार संरचना है। 
    दीवान-ए-खास : दीवान-ए-खास मुगल शासकों का परामर्श केन्द्र था। शासक इस स्थान पर खास व्यक्तित्वों से मुलाकात करते थे। यह एक चार छतरियों वाली एक साधारण इमारत है। फूलों की डिजाइन वाले नक्काशीदार खम्भों की सुन्दरता देखते ही बनती है। दीवान-ए-खास में मुगल शासक अकबर के लिए खास आसन बनाया गया था। यह आसन गोलाकार मंच की भांति है।
    इबादत खान : इबादत खान वस्तुत एक पूजा घर है। इसका निर्माण 1575 में किया गया था।
अनुप तालाओ : अनुप तालाओ का निर्माण राजा अनूप सिंह सिकरवार ने कराया था। यह एक केन्द्रीय मंच सजावटी स्थान है। इसमें एक शानदार पूल एवं चार पुलों का निर्माण है। यह स्थान शाही एंक्लेव की कुुछ इमारतों में से एक है। इसे सपनों का घर भी कहा जाता है। इस इलाका में अकबर का निवास, पंच महल, आंख मिचौली एवं ज्योतिषी कोर्ट आदि बहुत कुछ है।
   नौबतखाना : नौबतखाना को सूचना घर के तौर पर जाना जाता है। इसका आशय ड्रम हाउस के तौर पर है। इस स्थान का उपयोग मुगल शासक के आगमन की सूचना देने के लिए किया जाता था। यह शाही प्रवेश द्वार के निकट है।
    बीरबल हाउस : बीरबल हाउस शासक अकबर के पसंदीदा हिन्दू मंत्री का आवास था। अकबर का यह मंत्री उनका खास एवं पसंदीदा था। यह शानदार इमारत का डिजाइन अति दर्शनीय है।
हिरण मीनार : हिरण मीनार एक गोलाकार टावर है। यह हाथी के आकार प्रकार का बना है। लिहाजा इसे हाथी टावर भी कहा जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो यह स्थान मुगल शासक अकबर के पसंदीदा स्थलों में से एक था।
    फतेहपुर सिकरी की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। फतेहपुर सिकरी की दूरी आगरा से करीब 39 किलोमीटर है। निकटतम एयरपोर्ट आगरा है। एयरपोर्ट को खेरिया के नाम से जाना पहचाना जाता है। एयरपोर्ट से फतेहपुर सिकरी की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन फतेहपुर सिकरी है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी फतेहपुर सिकरी की यात्रा कर सकते हैं।
27.094529,77.667929

Friday, 27 July 2018

बोध गया : बौद्ध महातीर्थ

    बोध गया को विश्व के श्रेष्ठतम स्थानों में से एक कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। बोध गया को बौद्ध समुदाय का महातीर्थ माना जाता है। 

   निश्चय ही बोध गया अद्भुत है। शायद इसी कारण यूनेस्को ने बोध गया को विश्व धरोहर स्थल के अलंकरण से अलंकृत किया है। बिहार की राजधानी पटना से करीब 100 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व दिशा में स्थित यह शहर विश्व में अपनी एक अलग एवं विशिष्ट ख्याति रखता है। बौद्धों के लिए यह एक अति महत्वपूर्ण धार्मिक केन्द्र है। इसी स्थान पर महात्मा बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त किया था।

   पवित्र बोधी वृक्ष भी यहीं है। इसी स्थान पर राजकुमार सिद्धार्थ ज्ञान प्राप्त कर महात्मा बुद्ध बन गये थे। सम्राट अशोक के शासनकाल में इस दिव्य-भव्य मंदिर की स्थापना हुई थी। 
  बोध गया में महाबोधि मंदिर परिसर में लगभग 50 मीटर लम्बा महाबोधि मंदिर स्थापित है। इसी परिसर में महात्मा बुद्ध के ज्ञान के 6 अन्य पवित्र स्थल शामिल हैं। यह स्थान कई प्राचीन स्तूप से घिरा है।

    इन सभी कारकों के कारण ही बोध गया को बौद्ध अनुयायियों का सबसे बड़ा तीर्थ माना जाता है। बिहार के इस बोध गया शहर को खास तौर से मंदिरों का शहर माना जाता है। खास यह है कि बोध गया देश दुनिया का शीर्षस्थ पर्यटन स्थल बन गया है। दुनिया के सभी धर्मों के लोग आस्था एवं विश्वास लेकर बोध गया आते हैं। 

    बोध गया के इस दिव्य-भव्य परिसर में बुद्धम-शरणम-गच्छामि की हल्की संगीत सुर लहरी प्रवाहित होती रहती है। यह संगीत सुर लहरी एक सुखद शांति का एहसास कराती है। देश दुनिया के विभिन्न धर्मों एवं सम्प्रदाय के लोग आध्यात्मिक शांति की तलाश में यहां आते हैं। बोध गया के निकट ही गया शहर है। गया शहर में भी मंदिरों की एक लम्बी श्रंखला है।

    खास यह कि बोध गया घूमने का बेहतरीन समय बुद्ध जयंती का अवसर होता है क्योंकि बुद्ध जयंती पर बोध गया में उत्सव जैसा माहौल होता है। महाबोधि मंदिर को लाखों कैंडिल की सहायता से सजाया जाता है। सांझ होते ही महाबोधि मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठता है। यह इन्द्रधनुषी दृश्य अद्भुत होता है। सुन्दरता का यह दृश्यावलोकन पर्यटकों के मन मस्तिष्क पर अमिट छाप छोड़ता है। यह अनोखा अनुभव हमेशा याद रहने वाला होता है। 

    महाबोधि मंदिर की बनावट सम्राट अशोक द्वारा स्थापित स्तूप के समान है। इस मंदिर में भगवान गौतम बुद्ध की दिव्य-भव्य मूर्ति स्थापित है। मूर्ति पद्मासन की मुद्रा में स्थापित है। मूर्ति के आगे बुद्ध के विशाल पद चिह्न बने हैं। बुद्ध के इन पद चिह्न को धर्मचक्र प्रवर्तन माना जाता है। इस मूर्ति को अनिमेश लोचन भी कहा जाता है। किवदंती है कि मूर्ति ज्ञान प्राप्ति स्थल पर ही स्थापित है। मंदिर के चौतरफा पत्थर की नक्काशीदार रेलिंग है।

    इस रेलिंग को बोध गया में सबसे प्राचीन अवशेष माना जाता है। परिसर में दक्षिण पूर्व दिशा में एक अति समृद्ध पार्क है। इस पार्क में बौद्ध भिक्षु ध्यान साधना करते हैं। मंदिर के पीछे पीपल का वृक्ष है। इसे बोधि वृक्ष कहा जाता है। महात्मा बुद्ध को इस वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्ति हुई थी।
    बताते हैं कि वर्तमान वृक्ष पांचवीं पीढ़ी का वृक्ष है। सुबह एवं शाम मंदिर की आरती एवं घंटा की टंकार से परिवेश अनुगूंजित हो उठता है। मंदिर के उत्तर भाग को चंकामाना नाम से जाना पहचाना जाता है। इस स्थान पर काला पत्थर का कमल का फूल बना है। यह कमल का फूल युद्ध का प्रतीक माना जाता है। 
     मंदिर के उत्तर पश्चिम में छतविहीन भग्नावशेष हैं। इस स्थल को रत्नाधारा के नाम से जाना पहचाना जाता है। बताते हैं कि ज्ञान प्राप्ति के बाद महात्मा बुद्ध ने चौथा सप्ताह इस स्थान पर व्यतीत किया था। दंतकथाओं के मुताबिक बुद्ध के गहन ध्यान की अवधि में उनके शरीर से प्रकाश की एक किरण निकली थी। प्रकाश की इस किरण से ध्वज पताकायें अवलोकित हैं।
    बोध गया की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। एयरपोर्ट से बोध गया की दूरी 7 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन गया जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
24.696134,84.986955

Friday, 20 July 2018

हम्पी : सुन्दर वास्तुकला

   यूं ही कोई शहर विश्व धरोहर नहीं बन जाता बल्कि इसके लिए उसमें अकूत खूबियां होनी चाहिए। जी हां, कर्नाटक के बेल्लारी जिला का शहर हम्पी अकूत खूबियों वाला है।

     कर्नाटक के इस शहर हम्पी को विलक्षण कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। मंदिरों एवं ऐतिहासिक स्मारकों के इस शहर को यूनेस्को ने विश्व विरासत-धरोहर स्थल सूची में शामिल किया है। हम्पी मध्यकालीन हिन्दू साम्राज्य की अवधि में विजय नगर की राजधानी था। 

   तुंगभद्रा नदी के तट पर रचा-बसा हम्पी को पम्पा के नाम से भी जाना जाता है। समृद्धता के शिखर वाला यह शहर अब खण्डहरों के अवशेष तक सीमित रह गया है। विहंगम हम्पी अपनी विशालता से आज भी अतीत के गौरवशाली यशोगान को बयां करता है। 
      चट्टानों एवं विशाल शिलाखण्ड की लम्बी श्रंखलाओं वाला यह शहर अपनी आगोश में पांच सौ से अधिक स्मारक रखता है। इनमें खास तौर से मंदिर, महल, तहखाने, जलाशय, पुराने बाजार, शाही मण्डप, चबूतरे-चौपाल, राजकोष अन्य शाही इमारतों की लम्बी श्रंखला विद्यमान हैं। हम्पी की सामान्यत: हर इमारत वास्तुकला का सुन्दर आयाम है। फिर भी कुछ इमारतों की वास्तुकला एवं हस्तशिल्प नि:संदेह विलक्षण है। 

   बिठाला मंदिर भी यहां के शानदार एवं सुन्दर स्मारकों में शीर्ष पर विद्यमान है। खास यह कि बिठाला मंदिर का मुख्य सभा कक्ष 56 विशेष स्तम्भों पर आधारित है। 
   इन स्तम्भों को थपथपाने से संगीत की स्वर लहरियां अनुगूंजित होती हैं। सभा कक्ष के पूर्व में विशाल शिला रथ है। खास यह कि पत्थर के पहियों वाला यह रथ चलायमान है। कर्नाटक के इस विलक्षण शहर हम्पी में असंख्य आश्चर्य है। किवदंतियां है कि यहां राजा-रानियों को सोना-चांदी, आनाज, रुपये-पैसों से तौला जाता था। बाद में इसे गरीबों को दान कर दिया जाता था।

    रानियों के लिए बड़े-बड़े स्नानागार में मेहराबदार गलियारे, झरोखेदार झज्जे, कमल आकार के फव्वारे आदि की सजावट है। इनके अलावा कमल महल व जनानखाना भी ऐसे ही विशेष हैं।
    खास यह है कि हम्पी एवं उसके आसपास ऐतिहासिक, पौराणिक एवं आध्यात्मिक स्मारकों की एक लम्बी श्रंखला है। हम्पी वस्तुत: पर्वत श्रंखलाओं से घिरा सुन्दर स्थान है। हम्पी में कई प्रसिद्ध हिन्दू मंदिर हैं। कुछ मंदिर ऐसे हैं जिनमें आज भी पूजा-अर्चना होती है। 
  इतिहासकारों ने इसे किष्किंधा भी कहा है। पत्थरों के इस शहर की खूबसूरती का अंदाज ही कुछ अलग है। हम्पी का पुरातात्विक संग्रहालय भी दर्शनीय है। 
    बडवीलिंग : बडवीलिंग हम्पी में सबसे बड़े आकार का शिवलिंग है। शिवलिंग में तीन आंख का चित्रण है। इनको शिवजी की तीसरी आंख माना जाता है।
   मल्यावंता रघुनाथस्वामी मंदिर : मल्यावंता रघुनाथ स्वामी मंदिर प्राचीन भारतीय वास्तुकला का सुन्दर आयाम है। यह मंदिर भूमि से काफी नीचे बना है। इसका वास्तुशिल्प विलक्षण है। समुद्री जीव तंत्र का सजीव चित्रण यहां की दर-ओ-दीवार पर है।
    हजारा राम मंदिर : हजारा राम मंदिर का धर्म शास्त्र में काफी महत्व है। खास यह कि यह मंदिर 1000 से अधिक लकड़ियों की खोदाई, शिलालेख एवं रामायण काल की प्राचीनता के लिए जाना जाता है। हालांकि अब यह एक खण्डहर मंदिर के तौर पर जाना जाता है।
    विरुपाक्ष मंदिर ; विरुपाक्ष मंदिर को पम्पवाठी मंदिर के नाम से भी जाना-पहचाना जाता है। यह प्राचीन मंदिर हम्पी के बाजार में स्थित है। यह मंदिर विजय नगर साम्राज्य की स्थापना से पहले का है। इस भव्य-दिव्य मंदिर का प्रवेश द्वार 160 फुट ऊंचा है। भगवान शिव के इस मंदिर में भुवनेश्वरी एवं पम्पा की मूर्तियां स्थापित हैं। खास यह कि यहां कई भूमिगत शिव मंदिर हैं।
    हम्पी की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट हुबली है। हुबली से हम्पी की दूरी करीब 216 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन कारीगनुरू है। कारीगनुरू से हम्पी की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
15.335013,76.460024

Sunday, 8 July 2018

इण्डिया गेट : अमर शहीदों को समर्पित

    इण्डिया गेट को देश के अमर शहीदों की शौर्यगाथा स्मारक कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। वस्तुत: इण्डिया गेट अखिल भारतीय युद्ध स्मारक है।

   स्मारक युद्ध के अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित है। नई दिल्ली के राजपथ पर स्थित इण्डिया गेट 43 मीटर ऊंचा स्मारक है। इस शहीद स्मारक में भव्य द्वार है। मध्य में अमर शहीदों की स्मृति में ज्योति प्रज्जवलित है।
   इस स्थल को पूर्व में किंग्सवे कहा जाता था। इसका डिजाइन सर एडवर्ड लुटियंस ने तैयार किया था। अमर शहीदों को समर्पित यह स्मारक पेरिस के आर्क डे ट्रायम्फ की डिजाइन पर आधारित है।

    इण्डिया गेट का निर्माण अंग्रेज शासकों ने 90000 भारतीय सैनिकों की स्मृति में कराया था। विशेषज्ञों की मानें तो यह उन भारतीय सैनिकों की स्मृति है जो ब्रिाटिश सेना में भर्ती होकर प्रथम विश्व युद्ध एवं अफगान युद्ध में शहीद हुये थे।
    खास यह है कि 13300 अमर शहीद सैनिकों के नाम इण्डिया गेट स्मारक पर उत्कीर्ण हैं। लाल एवं पीला बलुआ पत्थरों से बना यह स्मारक दर्शनीय है। खास यह कि इण्डिया गेट पर अमर जवान ज्योति प्रज्जवलित है। यह अनवरत जलती रहती है।

    इण्डिया गेट के मेहराब के नीचे अमर जवान ज्योति स्थापित है। सैनिकों की स्मृति में यहां एक राइफल के उपर सैनिक की टोपी सजा दी गयी है। इस राइफल के चारों कोनों पर ज्योति जलती है। इस अमर जवान ज्योति पर प्रति वर्ष देश के प्रधानमंत्री, तीनों सेनाध्यक्ष पुष्प चक्र चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। 
   इण्डिया गेट की दीवारों पर हजारों अमर शहीद जवानों के नाम अंकित हैं। खास यह कि सांझ होते ही इस दर्शनीय स्मारक का अवलोकन करने बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती है। नित्य वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड राजपथ से इण्डिया गेट होकर गुजरती है। इण्डिया गेट निर्माण की आधारशिला 1921 में ड्यूक ऑफ कनॉट ने रखी थी। 

   स्मारक को पूर्ण होने में 10 वर्ष का समय लगा। करीब दस साल बाद तत्कालीन वायसराय लार्ड इर्विन ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया था। विशेषज्ञों की मानें तो स्मारक के निर्माण में भरतपुर के लाल पत्थरों का इस्तेमाल किया गया।
   खास तौर से देखें तो कोने के मेहराब पर ब्रिटानिया सूर्य अंकित हैं। इण्डिया गेट पर बड़े अक्षरों में इण्डिया अंकित है। सांझ होते ही इण्डिया गेट दूधिया रोशनी से जगमगा उठता है। इण्डिया गेट के चारों ओर भव्य-दिव्य पार्क हैं। इन पार्कों में फव्वारों की अच्छी श्रंखला है। इनकी रोशनी भी दर्शनीयता में चार चांद लगा देती है।
    इण्डिया गेट की यात्रा करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट नई दिल्ली है। निकटतम रेलवे स्टेशन नई दिल्ली एवं दिल्ली हैं। इनके अलावा सड़क मार्ग से भी यात्रा की जा सकती है।
28.612912,77.229510

शांति निकेतन: सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर    शांति निकेतन को आध्यात्मिक धरोहर कहा जाना चाहिए। जी हां, शांति निकेतन संस्कृति, परम्परा...