Sunday, 5 August 2018

फतेहपुर सिकरी : सुन्दर वास्तुकला

   फतेहपुर सिकरी को वास्तुशिल्प का विलक्षण अलंकरण कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के निकट स्थित फतेहपुर सिकरी मुगल शासकों का एक सुन्दर एवं विहंगम आयाम है।

   मुगल शासक अकबर ने इस शानदार-जानदार शहर फतेहपुर सिकरी को मुगल साम्राज्य की राजधानी के तौर पर विकसित एवं स्थापित किया था। मुगल शासक अकबर ने एक अभियान के बाद फतेहपुर सिकरी को छोड़ दिया था। इतना ही नहीं फतेहपुर सिकरी भारतीय संस्कृति एवं धार्मिकता को भी रेखांकित करती है। विशेषज्ञों की मानें तो फतेहपुर सिकरी की स्थापना 1571 में हुयी थी। इसका नाम सिकरी गांव के आधार पर रखा गया था।

    फतेहपुर सिकरी को विजय का शहर के नाम से भी जाना-पहचाना जाता है। खास यह कि फतेहपुर सिकरी में आलीशान आवास एवं बाजार सहित बहुत कुछ विलक्षण है। इसकी वास्तुकला अद्भुत एवं विलक्षण है। करीब 1.90 किलोमीटर लम्बा एवं 1 किलोमीटर चौड़ाई वाला फतेहपुर सिकरी अपनी सुन्दरता के लिए देश विदेश में खास तौर से जाना जाता है। यह चौतरफा ऊंची दीवारों से घिरा इलाका है। 

   बाग-बगीचों एवं सुन्दर जलाशयों से युक्त फतेहपुर सिकरी मुगल शासकों का अति पसंदीदा स्थल था। फतेहपुर सिकरी का निर्माण लाल बलुआ पत्थरों से किया गया है। फतेहपुर सिकरी में दरवाजों की एक लम्बी श्रंखला है। इन दरवाजों को दिल्ली गेट, लाल गेट, आगरा गेट, बीरबल गेट, चंदनपाल गेट, ग्वालियर गेट, तेहर गेट, चोर गेट, अजमेरी गेट आदि हैं। रानी जोधा के लिए ग्रीष्मकालीन एवं सर्दी के लिए अलग अलग महल थे। बुलंद दरवाजा को फतेहपुर सिकरी की शान माना जाता है। 
   बुलंद दरवाजा : बुलंद दरवाजा मंडली मस्जिद के दक्षिणी इलाका में स्थित है। खास यह कि बुलंद दरवाजा बाहर से करीब 180 फुट ऊंचा है। यहां के शिलालेख शांति का संदेश देते हैं।
    जामा मस्जिद : जामा मस्जिद फतेहपुर सिकरी के निर्माण अवधि की शायद पहली इमारत है। इसका आंगन बुलंद दरवाजा से ताल्लुक रखता है। गुम्बद एवं मेहराब आदि अति दर्शनीय हैं। 
   सलीम चिश्ती का मकबरा : सलीम चिश्ती का मकबरा बेहद दर्शनीय है। सफेद संगमरमर से बना मकबरा एक मंजिला है। ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे किसी संत की कब्रागाह हो। नक्काशीदार जाली एवं डिजाइन मुग्ध कर देती है। मकबरा के बायीं ओर शेख बदरुद्दीन चिश्ती के पुत्र इस्लाम खान का मकबरा है। यह लाल बलुआ पत्थरों से बना है।
   दीवान-ए-आम : दीवान-ए-आम एक खास इमारत है। मुगल शासक इस दीवान-ए-आम में बैठ कर आम जनता की शिकायतों एवं दुख दर्द को सुनते थे। यहीं से निदान भी किया जाता था। यह एक बड़ा एवं खुला आकार का मण्डप वाला स्थान है। यह एक आयातकार संरचना है। 
    दीवान-ए-खास : दीवान-ए-खास मुगल शासकों का परामर्श केन्द्र था। शासक इस स्थान पर खास व्यक्तित्वों से मुलाकात करते थे। यह एक चार छतरियों वाली एक साधारण इमारत है। फूलों की डिजाइन वाले नक्काशीदार खम्भों की सुन्दरता देखते ही बनती है। दीवान-ए-खास में मुगल शासक अकबर के लिए खास आसन बनाया गया था। यह आसन गोलाकार मंच की भांति है।
    इबादत खान : इबादत खान वस्तुत एक पूजा घर है। इसका निर्माण 1575 में किया गया था।
अनुप तालाओ : अनुप तालाओ का निर्माण राजा अनूप सिंह सिकरवार ने कराया था। यह एक केन्द्रीय मंच सजावटी स्थान है। इसमें एक शानदार पूल एवं चार पुलों का निर्माण है। यह स्थान शाही एंक्लेव की कुुछ इमारतों में से एक है। इसे सपनों का घर भी कहा जाता है। इस इलाका में अकबर का निवास, पंच महल, आंख मिचौली एवं ज्योतिषी कोर्ट आदि बहुत कुछ है।
   नौबतखाना : नौबतखाना को सूचना घर के तौर पर जाना जाता है। इसका आशय ड्रम हाउस के तौर पर है। इस स्थान का उपयोग मुगल शासक के आगमन की सूचना देने के लिए किया जाता था। यह शाही प्रवेश द्वार के निकट है।
    बीरबल हाउस : बीरबल हाउस शासक अकबर के पसंदीदा हिन्दू मंत्री का आवास था। अकबर का यह मंत्री उनका खास एवं पसंदीदा था। यह शानदार इमारत का डिजाइन अति दर्शनीय है।
हिरण मीनार : हिरण मीनार एक गोलाकार टावर है। यह हाथी के आकार प्रकार का बना है। लिहाजा इसे हाथी टावर भी कहा जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो यह स्थान मुगल शासक अकबर के पसंदीदा स्थलों में से एक था।
    फतेहपुर सिकरी की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। फतेहपुर सिकरी की दूरी आगरा से करीब 39 किलोमीटर है। निकटतम एयरपोर्ट आगरा है। एयरपोर्ट को खेरिया के नाम से जाना पहचाना जाता है। एयरपोर्ट से फतेहपुर सिकरी की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन फतेहपुर सिकरी है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी फतेहपुर सिकरी की यात्रा कर सकते हैं।
27.094529,77.667929

Friday, 27 July 2018

बोध गया : बौद्ध महातीर्थ

    बोध गया को विश्व के श्रेष्ठतम स्थानों में से एक कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। बोध गया को बौद्ध समुदाय का महातीर्थ माना जाता है। 

   निश्चय ही बोध गया अद्भुत है। शायद इसी कारण यूनेस्को ने बोध गया को विश्व धरोहर स्थल के अलंकरण से अलंकृत किया है। बिहार की राजधानी पटना से करीब 100 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व दिशा में स्थित यह शहर विश्व में अपनी एक अलग एवं विशिष्ट ख्याति रखता है। बौद्धों के लिए यह एक अति महत्वपूर्ण धार्मिक केन्द्र है। इसी स्थान पर महात्मा बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त किया था।

   पवित्र बोधी वृक्ष भी यहीं है। इसी स्थान पर राजकुमार सिद्धार्थ ज्ञान प्राप्त कर महात्मा बुद्ध बन गये थे। सम्राट अशोक के शासनकाल में इस दिव्य-भव्य मंदिर की स्थापना हुई थी। 
  बोध गया में महाबोधि मंदिर परिसर में लगभग 50 मीटर लम्बा महाबोधि मंदिर स्थापित है। इसी परिसर में महात्मा बुद्ध के ज्ञान के 6 अन्य पवित्र स्थल शामिल हैं। यह स्थान कई प्राचीन स्तूप से घिरा है।

    इन सभी कारकों के कारण ही बोध गया को बौद्ध अनुयायियों का सबसे बड़ा तीर्थ माना जाता है। बिहार के इस बोध गया शहर को खास तौर से मंदिरों का शहर माना जाता है। खास यह है कि बोध गया देश दुनिया का शीर्षस्थ पर्यटन स्थल बन गया है। दुनिया के सभी धर्मों के लोग आस्था एवं विश्वास लेकर बोध गया आते हैं। 

    बोध गया के इस दिव्य-भव्य परिसर में बुद्धम-शरणम-गच्छामि की हल्की संगीत सुर लहरी प्रवाहित होती रहती है। यह संगीत सुर लहरी एक सुखद शांति का एहसास कराती है। देश दुनिया के विभिन्न धर्मों एवं सम्प्रदाय के लोग आध्यात्मिक शांति की तलाश में यहां आते हैं। बोध गया के निकट ही गया शहर है। गया शहर में भी मंदिरों की एक लम्बी श्रंखला है।

    खास यह कि बोध गया घूमने का बेहतरीन समय बुद्ध जयंती का अवसर होता है क्योंकि बुद्ध जयंती पर बोध गया में उत्सव जैसा माहौल होता है। महाबोधि मंदिर को लाखों कैंडिल की सहायता से सजाया जाता है। सांझ होते ही महाबोधि मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठता है। यह इन्द्रधनुषी दृश्य अद्भुत होता है। सुन्दरता का यह दृश्यावलोकन पर्यटकों के मन मस्तिष्क पर अमिट छाप छोड़ता है। यह अनोखा अनुभव हमेशा याद रहने वाला होता है। 

    महाबोधि मंदिर की बनावट सम्राट अशोक द्वारा स्थापित स्तूप के समान है। इस मंदिर में भगवान गौतम बुद्ध की दिव्य-भव्य मूर्ति स्थापित है। मूर्ति पद्मासन की मुद्रा में स्थापित है। मूर्ति के आगे बुद्ध के विशाल पद चिह्न बने हैं। बुद्ध के इन पद चिह्न को धर्मचक्र प्रवर्तन माना जाता है। इस मूर्ति को अनिमेश लोचन भी कहा जाता है। किवदंती है कि मूर्ति ज्ञान प्राप्ति स्थल पर ही स्थापित है। मंदिर के चौतरफा पत्थर की नक्काशीदार रेलिंग है।

    इस रेलिंग को बोध गया में सबसे प्राचीन अवशेष माना जाता है। परिसर में दक्षिण पूर्व दिशा में एक अति समृद्ध पार्क है। इस पार्क में बौद्ध भिक्षु ध्यान साधना करते हैं। मंदिर के पीछे पीपल का वृक्ष है। इसे बोधि वृक्ष कहा जाता है। महात्मा बुद्ध को इस वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्ति हुई थी।
    बताते हैं कि वर्तमान वृक्ष पांचवीं पीढ़ी का वृक्ष है। सुबह एवं शाम मंदिर की आरती एवं घंटा की टंकार से परिवेश अनुगूंजित हो उठता है। मंदिर के उत्तर भाग को चंकामाना नाम से जाना पहचाना जाता है। इस स्थान पर काला पत्थर का कमल का फूल बना है। यह कमल का फूल युद्ध का प्रतीक माना जाता है। 
     मंदिर के उत्तर पश्चिम में छतविहीन भग्नावशेष हैं। इस स्थल को रत्नाधारा के नाम से जाना पहचाना जाता है। बताते हैं कि ज्ञान प्राप्ति के बाद महात्मा बुद्ध ने चौथा सप्ताह इस स्थान पर व्यतीत किया था। दंतकथाओं के मुताबिक बुद्ध के गहन ध्यान की अवधि में उनके शरीर से प्रकाश की एक किरण निकली थी। प्रकाश की इस किरण से ध्वज पताकायें अवलोकित हैं।
    बोध गया की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। एयरपोर्ट से बोध गया की दूरी 7 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन गया जंक्शन है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
24.696134,84.986955

Friday, 20 July 2018

हम्पी : सुन्दर वास्तुकला

   यूं ही कोई शहर विश्व धरोहर नहीं बन जाता बल्कि इसके लिए उसमें अकूत खूबियां होनी चाहिए। जी हां, कर्नाटक के बेल्लारी जिला का शहर हम्पी अकूत खूबियों वाला है।

     कर्नाटक के इस शहर हम्पी को विलक्षण कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। मंदिरों एवं ऐतिहासिक स्मारकों के इस शहर को यूनेस्को ने विश्व विरासत-धरोहर स्थल सूची में शामिल किया है। हम्पी मध्यकालीन हिन्दू साम्राज्य की अवधि में विजय नगर की राजधानी था। 

   तुंगभद्रा नदी के तट पर रचा-बसा हम्पी को पम्पा के नाम से भी जाना जाता है। समृद्धता के शिखर वाला यह शहर अब खण्डहरों के अवशेष तक सीमित रह गया है। विहंगम हम्पी अपनी विशालता से आज भी अतीत के गौरवशाली यशोगान को बयां करता है। 
      चट्टानों एवं विशाल शिलाखण्ड की लम्बी श्रंखलाओं वाला यह शहर अपनी आगोश में पांच सौ से अधिक स्मारक रखता है। इनमें खास तौर से मंदिर, महल, तहखाने, जलाशय, पुराने बाजार, शाही मण्डप, चबूतरे-चौपाल, राजकोष अन्य शाही इमारतों की लम्बी श्रंखला विद्यमान हैं। हम्पी की सामान्यत: हर इमारत वास्तुकला का सुन्दर आयाम है। फिर भी कुछ इमारतों की वास्तुकला एवं हस्तशिल्प नि:संदेह विलक्षण है। 

   बिठाला मंदिर भी यहां के शानदार एवं सुन्दर स्मारकों में शीर्ष पर विद्यमान है। खास यह कि बिठाला मंदिर का मुख्य सभा कक्ष 56 विशेष स्तम्भों पर आधारित है। 
   इन स्तम्भों को थपथपाने से संगीत की स्वर लहरियां अनुगूंजित होती हैं। सभा कक्ष के पूर्व में विशाल शिला रथ है। खास यह कि पत्थर के पहियों वाला यह रथ चलायमान है। कर्नाटक के इस विलक्षण शहर हम्पी में असंख्य आश्चर्य है। किवदंतियां है कि यहां राजा-रानियों को सोना-चांदी, आनाज, रुपये-पैसों से तौला जाता था। बाद में इसे गरीबों को दान कर दिया जाता था।

    रानियों के लिए बड़े-बड़े स्नानागार में मेहराबदार गलियारे, झरोखेदार झज्जे, कमल आकार के फव्वारे आदि की सजावट है। इनके अलावा कमल महल व जनानखाना भी ऐसे ही विशेष हैं।
    खास यह है कि हम्पी एवं उसके आसपास ऐतिहासिक, पौराणिक एवं आध्यात्मिक स्मारकों की एक लम्बी श्रंखला है। हम्पी वस्तुत: पर्वत श्रंखलाओं से घिरा सुन्दर स्थान है। हम्पी में कई प्रसिद्ध हिन्दू मंदिर हैं। कुछ मंदिर ऐसे हैं जिनमें आज भी पूजा-अर्चना होती है। 
  इतिहासकारों ने इसे किष्किंधा भी कहा है। पत्थरों के इस शहर की खूबसूरती का अंदाज ही कुछ अलग है। हम्पी का पुरातात्विक संग्रहालय भी दर्शनीय है। 
    बडवीलिंग : बडवीलिंग हम्पी में सबसे बड़े आकार का शिवलिंग है। शिवलिंग में तीन आंख का चित्रण है। इनको शिवजी की तीसरी आंख माना जाता है।
   मल्यावंता रघुनाथस्वामी मंदिर : मल्यावंता रघुनाथ स्वामी मंदिर प्राचीन भारतीय वास्तुकला का सुन्दर आयाम है। यह मंदिर भूमि से काफी नीचे बना है। इसका वास्तुशिल्प विलक्षण है। समुद्री जीव तंत्र का सजीव चित्रण यहां की दर-ओ-दीवार पर है।
    हजारा राम मंदिर : हजारा राम मंदिर का धर्म शास्त्र में काफी महत्व है। खास यह कि यह मंदिर 1000 से अधिक लकड़ियों की खोदाई, शिलालेख एवं रामायण काल की प्राचीनता के लिए जाना जाता है। हालांकि अब यह एक खण्डहर मंदिर के तौर पर जाना जाता है।
    विरुपाक्ष मंदिर ; विरुपाक्ष मंदिर को पम्पवाठी मंदिर के नाम से भी जाना-पहचाना जाता है। यह प्राचीन मंदिर हम्पी के बाजार में स्थित है। यह मंदिर विजय नगर साम्राज्य की स्थापना से पहले का है। इस भव्य-दिव्य मंदिर का प्रवेश द्वार 160 फुट ऊंचा है। भगवान शिव के इस मंदिर में भुवनेश्वरी एवं पम्पा की मूर्तियां स्थापित हैं। खास यह कि यहां कई भूमिगत शिव मंदिर हैं।
    हम्पी की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट हुबली है। हुबली से हम्पी की दूरी करीब 216 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन कारीगनुरू है। कारीगनुरू से हम्पी की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
15.335013,76.460024

Sunday, 8 July 2018

इण्डिया गेट : अमर शहीदों को समर्पित

    इण्डिया गेट को देश के अमर शहीदों की शौर्यगाथा स्मारक कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। वस्तुत: इण्डिया गेट अखिल भारतीय युद्ध स्मारक है।

   स्मारक युद्ध के अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित है। नई दिल्ली के राजपथ पर स्थित इण्डिया गेट 43 मीटर ऊंचा स्मारक है। इस शहीद स्मारक में भव्य द्वार है। मध्य में अमर शहीदों की स्मृति में ज्योति प्रज्जवलित है।
   इस स्थल को पूर्व में किंग्सवे कहा जाता था। इसका डिजाइन सर एडवर्ड लुटियंस ने तैयार किया था। अमर शहीदों को समर्पित यह स्मारक पेरिस के आर्क डे ट्रायम्फ की डिजाइन पर आधारित है।

    इण्डिया गेट का निर्माण अंग्रेज शासकों ने 90000 भारतीय सैनिकों की स्मृति में कराया था। विशेषज्ञों की मानें तो यह उन भारतीय सैनिकों की स्मृति है जो ब्रिाटिश सेना में भर्ती होकर प्रथम विश्व युद्ध एवं अफगान युद्ध में शहीद हुये थे।
    खास यह है कि 13300 अमर शहीद सैनिकों के नाम इण्डिया गेट स्मारक पर उत्कीर्ण हैं। लाल एवं पीला बलुआ पत्थरों से बना यह स्मारक दर्शनीय है। खास यह कि इण्डिया गेट पर अमर जवान ज्योति प्रज्जवलित है। यह अनवरत जलती रहती है।

    इण्डिया गेट के मेहराब के नीचे अमर जवान ज्योति स्थापित है। सैनिकों की स्मृति में यहां एक राइफल के उपर सैनिक की टोपी सजा दी गयी है। इस राइफल के चारों कोनों पर ज्योति जलती है। इस अमर जवान ज्योति पर प्रति वर्ष देश के प्रधानमंत्री, तीनों सेनाध्यक्ष पुष्प चक्र चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। 
   इण्डिया गेट की दीवारों पर हजारों अमर शहीद जवानों के नाम अंकित हैं। खास यह कि सांझ होते ही इस दर्शनीय स्मारक का अवलोकन करने बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती है। नित्य वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड राजपथ से इण्डिया गेट होकर गुजरती है। इण्डिया गेट निर्माण की आधारशिला 1921 में ड्यूक ऑफ कनॉट ने रखी थी। 

   स्मारक को पूर्ण होने में 10 वर्ष का समय लगा। करीब दस साल बाद तत्कालीन वायसराय लार्ड इर्विन ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया था। विशेषज्ञों की मानें तो स्मारक के निर्माण में भरतपुर के लाल पत्थरों का इस्तेमाल किया गया।
   खास तौर से देखें तो कोने के मेहराब पर ब्रिटानिया सूर्य अंकित हैं। इण्डिया गेट पर बड़े अक्षरों में इण्डिया अंकित है। सांझ होते ही इण्डिया गेट दूधिया रोशनी से जगमगा उठता है। इण्डिया गेट के चारों ओर भव्य-दिव्य पार्क हैं। इन पार्कों में फव्वारों की अच्छी श्रंखला है। इनकी रोशनी भी दर्शनीयता में चार चांद लगा देती है।
    इण्डिया गेट की यात्रा करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट नई दिल्ली है। निकटतम रेलवे स्टेशन नई दिल्ली एवं दिल्ली हैं। इनके अलावा सड़क मार्ग से भी यात्रा की जा सकती है।
28.612912,77.229510

Wednesday, 4 July 2018

देवगिरि किला : शानदार वास्तुशिल्प

   देवगिरि किला को श्रेष्ठतम पौराणिक धरोहर कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। कारण असंख्य आक्रमण होने के बावजूद अभी तक किला अभेद्य रहा। 

    महाराष्ट्र के दौलताबाद स्थित इस विलक्षण किला की खूबियों की एक लम्बी श्रंखला है। वास्तु शिल्प की इस सुन्दर कलाकृति को दौलताबाद किला के तौर पर भी ख्याति हासिल है।
     विशेषज्ञों की मानें तो इस अभेद्य किला का निर्माण 11 वीं सदी में किया गया था। करीब दो सौ वर्षों तक ंिहन्दू शासकों ने यहां से शासन किया। भीलम राजा इस विलक्षण किला को अस्तित्व में लाये थे। राजा भीलम एक कुशल एवं शक्तिशाली शासक था। राजा भीलम ने होयसल, चोल एवं चालुक्य राज्यों पर आक्रमण कर विजय श्री हासिल की थी।

    देवगिरि किला की अभेद्य संरचना के कारण इसे भारत का सर्वाधिक सुरक्षित किला माना गया। कई शासकों एवं राजाओं ने इस किला पर आक्रमण किये लेकिन आक्रमणकारी असफल रहे। लिहाजा अभेद्य किला की संज्ञा से नवाजा गया। किला अविजित होने का श्रेय इसकी संरचना को जाता है।
     आैरंगाबाद से करीब 15 किलोमीटर दूर पहाड़ की चोटी पर स्थित इस किला में कई खूबियां हैं। दौलताबाद की दुर्जेय पहाड़ी पर स्थित यह किला एक राष्ट्रीय धरोहर या स्मारक है। करीब 190 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह किला शंख के आकार का है। किला की बाहरी दीवार एवं किला की आधार के बीच तीन भव्य दिवारों की श्रंखला है। इन पर असंख्य बुर्ज बने हैं। 

   विशेषज्ञों की मानें तो प्राचीन देवगिरि नगरी इसी परकोटे पर बसी थी। सुरक्षा की दृष्टि से किला के आंतरिक क्षेत्र में कई सुरंग हैं। चट्टानों को काट कर बनायी गयीं यह सुरंग बेहद खतरनाक हैं। इस अंधेरा युक्त मार्ग को सुरंग के बजाय अंधेरी की संज्ञा दी गयी थी। इस अंधेरी में कई गड्ढ़े भी हैं जिससे दुश्मन धोखा कर गिर जायें। किला के प्रवेश द्वार पर आग की अंगीठियां भी हैं। जिससे आग की तपिश से दुश्मन को किला में प्रवेश से रोका जा सके। चांद मीनार, चीनी महल एवं बारादरी इस किला के मुख्य स्मारक हैं। 

   खास तौर से चांद मीनार की ऊंचाई 63 मीटर है। तीन मंजिला इस किला में एक भारी भरकम तोप है। इस तोप की मारक क्षमता 3.50 किलोमीटर है। इस तोप को चारों दिशा में घुमा कर चलाया जा सकता है। बताया जाता है कि चार मीनार का निर्माण अलाउद्दीन बहमनी शाह ने दौलताबाद फतह करने के उपलक्ष्य में बनवाया था।
     यह मीनार मुगल वास्तुकला की सुन्दरतम कृतियों में से एक है। मीनार के पीछे जामा मस्जिद है। जामा मस्जिद वास्तु शिल्प का सुन्दर आयाम है। इसी के निकट चीनी महल है। विशेषज्ञों की मानें तो राजा भीलम ने 1187 में स्वतंत्र राज्य स्थापित कर देवगिरि को राजधानी घोषित किया था। इसके बाद अलाउद्दीन खिलजी ने 1294 में किला पर चढ़ाई की थी। 
     विशेषज्ञों की मानें तो किला फतह के बाद 1327 में मोहम्मद बिन तुगलक ने देवगिरि को अपनी राजधानी बनाया। इसके बाद देवगिरि का नाम बदल कर दौलताबाद कर दिया। बाद में इसे मुगल साम्राज्य में शामिल कर लिया गया था। किला मुगल शासक आैरंगजेब की मृत्यु होने तक मुगल साम्राज्य के अधीन रहा। मुगल शासकों ने दौलताबाद को मुगल साम्राज्य की राजधानी बनाना चाहा लेकिन यह सब हो नहीं सका।
      देवगिरि किला की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट आैरंगाबाद है। आैरंगाबाद देश के सभी प्रमुख हवाई अड्ड़ों से जुड़ा है। निकटतम रेलवे स्टेशन आैरंगाबाद है। आैरंगाबाद से दौलताबाद की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी दौलताबाद किला की यात्रा कर सकते हैं।
19.942715,75.213151

Thursday, 28 June 2018

पिंक सिटी जयपुर : लाजवाब सुन्दरता

   राजस्थान के जयपुर को दुनिया के खूबसूरत शहर का दर्जा हासिल है। पिंक सिटी जयपुर का कोना-कोना वास्तु शास्त्र की सुन्दरता से आलोकित है। जयपुर शहर में दाखिल होते ही सुन्दरता का एहसास होने लगता है। सुन्दर नक्काशी, मोहक वास्तुशिल्प एवं गुलाबी-लाल पत्थरों से गठित सरंचनाओं की श्रंखला निश्चय ही मुग्ध कर देती हैं।

    राजस्थान की राजधानी गुलाबी शहर जयपुर को 1727 में राजा सवाई जय सिंह ने बसाया था। देश के प्राचीन एवं सुन्दर शहर के वास्तुशिल्पी विद्याधर भट्टाचार्य थे। 
     इस शाही एवं गुलाबी शहर में प्रवेश करते ही प्रतीत होता है कि जैसे राजा-रजवाड़ों के शहर में दाखिल हुये हों। हवेलियों, किलों एवं स्मारकों के इस शहर में सौन्दर्य की इन्द्रधनुषी छटा दिखती है। जयगढ़ का किला हो या तारामण्डल या फिर गुड़ियाघर सभी आकर्षण का केन्द्र हैं। सुन्दरता एवं प्राचीनता के साथ साथ यहां की बोली बानी लुभावनी है। 

   जयपुर में सुन्दर एवं आकर्षक स्थानों की एक लम्बी श्रंखला है। खास तौर से सिटी पैलेस, जंतर मंतर, हवा महल, गोविन्द देव जी मंदिर, सरगासूली, रामनिवास बाग, गुड़ियाघर, तारामण्डल, गलताजी, जैन मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, स्टैच्यू सर्किल, पुराना शहर, जयगढ़ किला, सांगानेर, रामगढ़ झील, माधोगढ़ आदि बहुत कुछ हैं। 

   सिटी पैलेस : सिटी पैलेस को शहर की शान कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। राजस्थानी एवं मुगल शैली की समिश्रित यह सरंचना अति सुन्दर है। राजघराने का यह पूर्व शाही निवास शहर के मध्य में स्थित है। 
    संगमरमर के स्तम्भों पर टिके नक्काशीदार मेहराब, सोना एवं रंगीन पत्थरों की फूलों वाली आकृतियों से अलंकृत संरचना अति आकर्षक प्रतीत होती है। 
    पैलेस का संग्रहालय अति समृद्धता वाला है। राजस्थानी परिधानों, मुगलों एवं राजपूतों के हथियारों का अद्भुत संग्रह है। विभिन्न रंगों एवं तराशी मूठ वाली तलवारों का विलक्षण संग्रह यहां प्रदर्शित है। मीनाकारी एवं जड़ाऊ जवाहरातों से अलंकृत तलवारे बेहद लुभावनी प्रतीत होती है। महल में कलादीर्घा भी है। कलादीर्घा में लघुचित्रों, कालीनों, शाही साज-ओ-सामान एवं दुर्लभ खगोल विज्ञान की संरचनाओं उत्कृष्ट संग्रह है। 

   जंतर मंतर : जंतर मंतर सिटी पैलेस से कुछ ही दूरी पर स्थित है। यह पत्थर की वेधशाला है। राजा जय सिंह की 5 वेधशालाओं में यह सबसे विशाल है। इसके विलक्षण यंत्र, आकार एवं विन्यास वैज्ञानिक तौर तरीके से तैयार किये गये हैं।
    इनमें सबसे प्रभावशाली यंत्र रामयंत्र है। इसका उपयोग ऊंचाई मापन के लिए किया जाता है। तारों की गणना करने वाले कई उपकरण यहां हैं।
     हवा महल : हवा महल जयपुर की पहचान है। छत्तेदार बलुआ पत्थर की खिड़कियों से सुसज्जित यह महल शाही परिवार की महिलाओं के लिए था। इस महल की संरचना ऐसी है कि भवन के अंदर से बाहर देखा जा सकता है लेकिन बाहर से अंदर नहीं देखा जा सकता।
     गोविन्द देवजी का मंदिर : गोविन्द देवजी का मंदिर मुख्यत: भगवान श्री कृष्ण को समर्पित है। बिना शिखर का यह मंदिर जयपुर में खास तौर से प्रसिद्ध है। विशेषज्ञों की मानें तो गोविन्द जी की यह प्रतिमा वृंदावन के मंदिर में स्थापित थी। इसे सवाई जय सिंह ने अपने परिवार के देवता के रूप में यहां पुर्नस्थापित किया था।
    सरगासूली : सरगासूली त्रिपोलिया बाजार के पश्चिमी किनारे पर स्थित है। गगनचुम्बी सरगासूली का निर्माण 1749 में सवाई ईश्वरी सिंह ने विजय स्मारक के तौर पर बनवाया था।
    राम निवास बाग : राम निवास बाग एक बहुआयामी उद्यान है। इसमें चिड़ियाघर, दरबा, पौधघर, वनस्पति संग्रहालय आदि बहुत कुछ है। सवाई राम सिंह ने इसे 1865 में बनवाया था। यह भारतीय वास्तुशिल्प शैली का परिष्कृत उदाहरण है। इसमें उत्कृष्ट मूर्तियों, चित्रों, सुसज्जित बर्तन, प्राकृतिक विज्ञान, इजिप्ट की ममी एवं फारस की कालीनों की एक लम्बी श्रंखला है।
     गुड़िया घर : गुडिया घर पुलिस स्मारक के निकट स्थित है। इसमें सुन्दर एवं बेहतरीन गुड़ियों की एक लम्बी श्रंखला प्रदर्शित हैं।
      बी एम बिड़ला तारामण्डल : बी एम बिड़ला तारामण्डल अनेक अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त है। इसमें कम्प्युटरीकृत प्रक्षेपण व्यवस्था से श्रव्य एवं दृश्य शिक्षा एवं मनोरंजन के साधन की अनोखी व्यवस्था है।
     गलताजी : गलताजी एक अति प्राचीन तीर्थस्थल है। बाग-बगीचों एवं पर्वत श्रंखलाओं से आच्छादित यह क्षेत्र बेहद आकर्षक है। मंदिर, मण्डप, पवित्र कुण्ड आदि की उपस्थित परिसर को आकर्षक बना देती है। उच्चतम शिखर पर बना सूर्य देव का मंदिर मुख्य आकर्षण है।
      इसी तरह जयपुर शहर की आन-बान-शान माने जाने वाली संरचनाओं की एक लम्बी श्रंखला है। इनमें खास तौर से जैन मंदिर, मोती डंूगरी एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर, स्टैच्यूू सर्किल, गैटोर, आमेर, शीतला माता मंदिर, जयगढ़ दुर्ग, सांगानेर, बगरू, रामगढ़ झील, सामोद, बैराठ, सांभर झील, जयसिंह पुरा खोर एवं माधोगढ़ आदि हैं।
     गुलाबी शहर जयपुर की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है। निकटतम रेलवे स्टेशन जयपुर जंक्शन है। इसके अलावा पर्यटक सड़क मार्ग से भी जयपुर की यात्रा कर सकते हैं। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जयपुर की दूरी करीब 260 किलोमीटर है।
26.912434,75.787271

Friday, 22 June 2018

अहमदाबाद : वैश्विक धरोहर शहर

     गुजरात के अहमदाबाद शहर की अपनी एक अलग पहचान है क्योंकि अहमदाबाद अब वैश्विक धरोहर का दर्जा हासिल कर चुका है।

   समुद्र तल से करीब 175 फुट की ऊंचाई पर बसा यह शहर पर्यटन की दृष्टि से कुछ खास भी है। मुख्यत: यहां दो सुन्दर झीलें हैं। 
   इनके अलावा साबरमती आश्रम, हाथीसिंह जैन मंदिर, जामा मंदिर, रानी सिपरी मस्जिद एवं साबरमती तट आदि बहुत कुछ है। खास यह भी है कि अहमदाबाद देश का सातवां प्रमुख एवं शीर्ष शहर है। साबरमती नदी के किनारे बसा यह शहर 600 वर्ष से भी अधिक पुराना है। 

    इस शहर की बुनियाद 1411 में पड़ी थी। शहर का नाम सुल्तान अहमद शाह पर पड़ा था। गुजरात की राजधानी गांधी नगर होने से पहले प्रदेश की राजधानी अहमदाबाद थी।
   अहमदाबाद को कर्णावती के नाम से भी जाना जाता था। इसी शहर में महात्मा गांधी ने साबरमती आश्रम की स्थापना की थी। स्वाधीनता संघर्ष के असंख्य आंदोलन यहां से प्रारम्म हुये। ऊन की बुनाई के लिए खास तौर से अहमदाबाद की प्रसिद्धि है। विशेष यह है कि अहमदाबाद व्यापारिक एवं वाणिज्यिक शहर के तौर पर देश दुनिया में जाना पहचाना जाता है। 
   खास यह है कि अहमदाबाद की अधिसंख्यक आबादी सूती वस्त्र उद्योग एवं अन्य लघु उद्योग पर आश्रित है। खास यह है कि अहमदाबाद एक ऐसा शहर है, जहां आधुनिक एवं पौराणिक बहुत कुछ है। स्वच्छता में अहमदाबाद देश में अव्वल है। 
    यूनेस्को ने अहमदाबाद को वल्र्ड हेरिटेज सिटी का दर्जा दिया है। शायद यह एक बड़ी बात है कि देश के किसी शहर को वल्र्ड हेरिटेज सिटी का खिताब मिला हो। अहमदाबाद को यह गौरव हासिल है। 

  कांकरिया झील : कांकरिया झील का निर्माण कुतबुद्दीन ने कराया था। हालात यह है कि यह झील अहमदाबाद की सुन्दरता का आइना है। यूं कहें कि कांकरिया झील अहमदाबाद की शान है।
    स्थानीयता की दृष्टि से देखें तो कांकरिया झील एक सुन्दर पिकनिक स्पॉट है। इस झील के चारों ओर सुन्दर बगीचा है। झील के मध्य में एक सुन्दर द्वीप महल है।विशेषज्ञों की मानें तो मुगलकाल में नूरजहां व जहांगीर अक्सर घूमने आया करते थे।
     हाथीसिंह जैन मंदिर : हाथीसिंह जैन मंदिर की खासियत इसकी सुन्दर एवं शानदार नक्काशी है। सफेद संगमरमर से बना यह मंदिर सुन्दरता का आयाम है। हाथीसिंह जैन मंदिर अहमदाबाद के प्रमुख मंदिरों में से एक है। इस मंदिर का निर्माण 19 वीं शताब्दी में रिचजन मर्चेंट्स ने किया था। इस मंदिर को उन्होंने जैन धर्म के 15 वें गुरु धर्मनाथ को समर्पित किया था।
   जामा मस्जिद : जामा मस्जिद का निर्माण ईसवी 1423 में किया गया था। पश्चिम भारत की यह अति खूबसूरत मस्जिद है। मस्जिद खूबसूरत कारीगरी का शानदार उदाहरण है। इसकी सुन्दरता का कोई जोड़ नहीं है।
    रानी सिपरी मस्जिद : रानी सिपरी मस्जिद शहर की एक अन्य खूवसूरत मस्जिद है। इस सुन्दर मस्जिद का निर्माण महमूद शाह बेगड़ा की रानी ने 1514 ईसवी में कराया था। विशेषज्ञों की मानें तो रानी की मृत्यु होने के बाद उनके शव को यहीं दफनाया गया था।
       साबरमती आश्रम : साबरमती आश्रम की स्थापना महात्मा गांधी ने की थी। महात्मा गांधी ने इसी आश्रम से दांडी यात्रा प्रारम्भ की थी। दांडी यात्रा स्वाधीनता आंदोलन का एक हिस्सा था। यह एक सत्याग्रह था। इसके अलावा मुख्य तौर पर यहां से स्वाधीनता आंदोलन की नींव रखी गयी।
    केलिको संग्रहालय : केलिको संग्रहालय में प्राचीनकाल एवं आधुनिककाल की बुनाई की कारीगरी को बेहतरीन ढ़ंग से प्रदर्शित किया गया है। खास यह कि इस संग्रहालय में प्राचीन बुनाई एवं सिलाई मशीनें प्रदर्शित हैं। संग्रहित एवं प्रदर्शित वस्तुएं मुख्यत: 17 वीं शताब्दी से पूर्व की हैं। इसके अलावा यहां बुनाई से संबंधित पुस्तकालय भी है।
     इस हेरिटेज सिटी अहमदाबाद की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट सरदार बल्लभभाई पटेल एयरपोर्ट अहमदाबाद है। अहमदाबाद में रेलवे स्टेशन भी है। सड़क मार्ग से भी अहमदाबाद की यात्रा की जा सकती है।
23.022505,72.571362

शांति निकेतन: सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर    शांति निकेतन को आध्यात्मिक धरोहर कहा जाना चाहिए। जी हां, शांति निकेतन संस्कृति, परम्परा...