Tuesday, 19 June 2018

आमेर दुर्ग : राजपूताना शैली का वास्तुशिल्प

  आमेर दुर्ग को वास्तुशिल्प का इन्द्रधनुषी आयाम कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। कलात्मक आयाम लिये यह दुर्ग अपनी खास शैली एवं सुन्दरता के लिए विश्व प्रसिद्ध है। 

    राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर क्षेत्र की एक ऊंची पहाड़ी पर स्थित आमेर दुर्ग देश दुनिया के पर्यटकों की खास पसंद है। दुर्ग या महल की खास कलात्मक एवं विशुद्ध हिन्दू वास्तु शैली पर्यटकों को आकर्षित करती है। 
  खास तौर से राजपूताना शैली का वास्तुशिल्प आकर्षित करता है। कालांतर में इस क्षेत्र में कछवाह राजपूत मान सिंह प्रथम ने राज किया था। लाल बलुआ पत्थरों एवं संगमरमर से बना यह किला भव्य दुर्ग पहाड़ी का आकर्षण है।

      इस दुर्ग में दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, शीश महल, जय मंदिर एवं सुख निवास आदि हैं। सुख निवास जलधाराओं की शीतलता से बेहद आनन्ददायक रहता है।
    यह महल कछवाह राजपूत महाराजाओं एवं उनके परिवार का निवास हुआ करता था। मुख्य द्वार के निकट आराध्या चैतंय पंथ की देवी का मंदिर है। दुर्ग में एक सुरंग मार्ग भी है। आमेर दुर्ग अरावली पर्वतमाला के एक चील आकार के पर्वत पर बना है।

    मुख्यत: यह महल चार हिस्सों में है। इन चार हिस्सों में प्रत्येक के प्रवेश द्वार एवं प्रांगण हैं। जलेब चौक प्रथम प्रांगण है। प्रांगण में युद्ध विजय हासिल करने वाली सेना का जुलूस निकलता था। यह विजय जुलूस राजसी परिवार की महिलायें भी झरोखों से देखती थीं।
    इसी प्रांगण के बगल में अस्तबल एवं सैनिकों के आवास थे। गणेश पोल द्वार से एक शानदार रास्ता राजमहल की ओर जाता है।
   शिला देवी मंदिर : शिला देवी मंदिर राजपूताना परिवार की आराध्य देवी हैं। खास यह है कि शिला देवी मंदिर का प्रवेश द्वार चांदी के आवरण से अच्छादित है। निकट ही शिरोमणि का वैष्णव मंदिर है। इस मंदिर का तोरण संगमरमर का बना है।

    जादुई पुष्प : जादुई पुष्प यहां के मुख्य आकर्षण में से एक है। शीशमहल के स्तम्भों में संगमरमर से फूलों की आकृतियां उकेरी गयीं हैं। विशेष आकर्षण में तितली के जोड़े, कमल, नाग का फन, हाथी की सूंड, सिंह की पूंछ आदि हैं। खास यह कि यह इलाका कलात्मकता का सुन्दर आयाम है।
   चौक बारादरी : चौक बारादरी महल का पुरातन हिस्सा है। विशेषज्ञों की मानें तो इस महल को बनाने में 25 वर्ष का समय लगा था। महल अलंकरण, भित्ति चित्रों एवं रंगीन टाइल्स से सुसज्जित है। इस महल का निकास मार्ग आमेर शहर को भी जाता है। यह रास्ता शहर के विभिन्न मंदिरों को हवेलियों एवं कोठियों की ओर खुलता है।
    उद्यान : उद्यान खास तौर से तीसरे प्रांगण क्षेत्र में स्थित है। उद्यान के निकट ही एक ऊंचे चबूतरा पर जय मंदिर है। इसी के पश्चिम में सुख निवास है। इसका निर्माण राजा जय सिंह ने कराया था। इनकी शैली मुगल उद्यानों की चारबाग शैली की भांति है। सितारों के आकार के जलाशय हैं। इनमें सुन्दर फव्वारों की श्रंखला है। संगमरमर की सुन्दर सजावट आकर्षक बना देती है।
       त्रिपोलिया द्वार : त्रिपोलिया द्वार तीन दरवाजों वाला स्थान है। त्रिपोलिया द्वार की खासियत यह है कि यह तीन ओर खुलता है। इसका एक द्वार जलेब चौक को खुलता है। एक द्वार मान सिंह महल की ओर खुलता है। एक द्वार राजसी महल की ओर खुलता है।
     विश्व धरोहर : विश्व धरोहर में किला को शामिल किया गया है। विशेषज्ञों की मानें तो राजस्थान सरकार ने वर्ष 2011 में आमेर दुर्ग को विश्व धरोहर में शामिल करने के लिए यूनेस्को को प्रस्ताव भेजा था। वर्ष 2013 में आमेर दुर्ग को विश्व धरोहर में शामिल कर लिया गया।
     आमेर दुर्ग की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जयपुर है। निकटतम रेलवे स्टेशन जयपुर है। इसके अलावा पर्यटक सड़क मार्ग से भी आमेर दुर्ग की यात्रा कर सकते हैं।
26.939439,75.836804

Monday, 11 June 2018

महाबलीपुरम : स्थापत्य कला का अनुपम सौन्दर्य

     महाबलीपुरम को मंदिरों का शहर कहा जाये तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। या फिर इसे स्थापत्य कला एवं सौन्दर्य शास्त्र की गाथा कहें। कुछ भी हो तमिलनाडु का शहर महाबलीपुरम चहुंओर कलात्मकता से परिपूरित है। भव्यता-दिव्यता का कहीं कोई जोड़ नहीं। 

    जी हां, महाबलीपुरम में धर्म-आध्यात्म, स्थापत्य कला-वास्तुशिल्प एवं कला के विविध आयाम निरूपित हैं। शायद यही कारण है कि महाबलीपुरम देश दुनिया के पर्यटकों का मुख्य आकर्षण है। 
   महाबलीपुरम को मामल्लापुरम भी कहते हैं। खास यह है कि सागर तट की सुन्दरता महाबलीपुरम में चार चांद लगा देती है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से करीब 55 किलोमीटर दूर स्थित महाबलीपुरम बंगाल की खाड़ी के तट पर है। सातवीं शताब्दी का यह शहर कभी पल्लव राजाओं की राजधानी था।
     विशेषज्ञों की मानें तो यह शहर द्रविड़ वास्तुकला की दृष्टि से श्रेष्ठ रहा है। महाबलीपुरम एवं उसके आसपास आकर्षक स्थलों की बड़ी श्रंखला है। इनमें खास तौर से अर्जुंस पेनेंस, शोर टेम्पल, पाण्डव रथ, कृष्ण मण्डपम, गुफायें, मूर्ति संग्रहालय, मुट्टुकाडु, कोवलोंग आदि हैं।   
     अर्जुंस पेनेंस : अर्जुंस पेनेंस शानदार नक्काशी के लिए ख्याति रखता है। यह स्थान 27 मीटर लम्बा एवं 9 मीटर चौड़ा है। यह व्हेल मछली के आकार का एक विशाल शिलाखण्ड है। इस शिलाखण्ड पर मनुष्य, पशु-पक्षियों सहित विभिन्न प्रकार की आकृतियां रूपांकित हैं। इसे देश का शानदार शिलाखण्ड होने का गौरब हासिल है।
    शोर टेम्पल : शोर टेम्पल को दक्षिण भारत के प्राचीन मंदिरों में श्रेष्ठतम माना जाता है। यह मंदिर महाबलीपुरम के तट पर स्थित है। आठवीं शताब्दी का यह मंदिर द्रविड़ वास्तुकला का शानदार उदाहरण माना जाता है। खास यह कि यहां दो शिव मंदिर हैं। मध्य में भगवान विष्णु का मंदिर है। सागर की लहरें मंदिर तक टकराती हैं। सागर की लहरों को देख कर ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे लहरें प्रभु के चरण पखारने का उपक्रम है।
      पाण्डव रथ : पाण्डव रथ महाबलीपुरम का मुख्य स्थल है। यह स्थान शहर के दक्षिणी इलाका में स्थित है। आकार प्रकार को देख कर इसे पंच पाण्डव रथ कहा जाता है। खास यह है कि पांच में से चार रथों को एक विशाल चट्टान पर रूपांकित किया गया है। इनमें द्रोपदी अर्जुन रथ वर्गाकार है। धर्मराज रथ सबसे ऊंचा है।
     कृष्ण मण्डपम : कृष्ण मण्डपम महाबलीपुरम का एक शानदार मंदिर है। शिलाखण्ड काट कर भव्य-दिव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। मंदिर की दर-ओ-दीवर पर ग्रामीण हलचल का अंकन है। श्री कृष्ण जी का भी अंकन किया गया है। जिसमें वह गोवर्धन पर्वत को उंगली पर धारण किये हुये हैं।
    क्रोकोडाइल बैंक : क्रोकोडाइल बैंक की भी अपनी एक अलग मान्यता है। महाबलीपुरम से करीब 14 किलोमीटर दूर चेन्नई रोड पर स्थित है। विशेषज्ञों की मानें तो इसे 1976 में अमेरिका के रोमुलस विटेकर ने स्थापित किया था। स्थापना के डेढ़ दशक की अवधि में क्रोकोडाइल की संख्या डेढ़ हजार से अधिक हो गयी। प्रारम्भ में इसमें 15 क्रोकोडाइल थे। निकट ही सांपों का फार्म भी है।
     वाराह गुफायें : वाराह गुफायें खास तौर से भगवान वाराह अवतार को रेखांकित करती हैं। यह गुफायें भगवान विष्णु के वाराह एवं वामन अवतार को समर्पित हैं। सातवीं शताब्दी की महिसासुर मर्दिनी गुफा भी नक्काशी के लिए खास प्रख्यात है।
     मूर्ति संग्रहालय : मूर्ति संग्रहालय में स्थानीय कलाकारों की 3000 से अधिक संरचनायें संग्रहित हैं। इनमें खास तौर से मूर्ति शिल्प दर्शनीय हैं। संग्रहालय में प्रदर्शित मूर्तियां लकड़ी, पीतल एवं कंक्रीट की है।
      कोवलोंग : कोवलोंग महाबलीपुरम से करीब 19 किलोमीटर दूर खूबसूरत स्थान है। मुख्यत: यह किला का अवशेष स्थल है। किला का अवशेष स्थल होने के बावजूद सुन्दरता भी अद्वितीय है। पर्यटक यहां तैराकी, नौकायन, जलक्रीड़ा का शौक पूरा कर सकते हैं।
     नृत्य पर्व : नृत्य पर्व महाबलीपुरम का मुख्य पर्व है। सामान्यत: यह नृत्य पर्व जनवरी-फरवरी माह में आयोजित किया जाता है। देश के शीर्षस्थ कलाकार शोर मंदिर परिसर में कला का शानदार प्रदर्शन करते हैं। वाद्ययंत्रो का कर्णप्रिय संगीत एवं समुद्र की लहरों का प्राकृतिक संगीत मदहोश करने वाला होता है। श्रोता-दर्शन नृत्य-संगीत के इस आयोजन में सुधबुध खो देते है।
      महाबलीपुरम की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट चेन्नई है। चेन्नई एयरपोर्ट से महाबलीपुरम की दूरी करीब 60 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन चेंगलपट्टू है। चेंगलपट्टू रेलवे स्टेशन से महाबलीपुर की दूरी करीब 29 किलोमीटर है। सड़क मार्ग से भी महाबलीपुरम की यात्रा की जा सकती है।
12.626927,80.192711

Thursday, 17 May 2018

सूर्य मंदिर महोबा : नायाब वास्तुकला

     राहिला सागर के पश्चिम में स्थित सूर्य मंदिर वास्तुशिल्प का सुन्दर अलंकरण है। उत्तर प्रदेश के महोबा जिला स्थित यह सूर्य मंदिर अपनी सुन्दरता के लिए देश विदेश में शिखर की ख्याति रख चुका है।

    इस दिव्य-भव्य मंदिर का निर्माण राहिला के चंदेल शासक वंशजों ने 9 वीं शताब्दी में कराया था। राहिला सागर का यह सूर्य मंदिर दुनिया के खूबसूरत मंदिरों में एक माना गया।
    चंदेल शासक राजा राहिल देव बर्मन ने ईसवी 890 से 910 की अवधि में कराया था। विशेषज्ञों की मानें तो ओडिशा के कोणार्क सूर्य मंदिर की भांति ही महोबा के सूर्य मंदिर की भी अनूठी स्थापत्य कला है। सूर्य मंदिर के निर्माण में खास तौर से पंचायतन शैली का उपयोग किया गया।
    इसमें बहुतायत में ग्रेनाइट पत्थरों का उपयोग किया गया। सूर्य मंदिर का निर्माण ईसवी 915 में पूरा हो सका था। सूर्य मंदिर की सुन्दरता, अतुलनीयता एवं विलक्षणता को देख कर विश्व धरोहर की श्रेणी में रखा गया।
    महोबा का यह सूर्य मंदिर खजुराहो के अतुलनीय मंदिरों का ही हिस्सा माना गया। खास यह रहा कि खजुराहों के सुन्दर मंदिरों का निर्माण चंदेल वंशज राजाओं ने कराया था। चंदेल वंशज राजाओं ने ही महोबा के सूर्य मंदिर का भी निर्माण कराया था। 
    विशेषज्ञों की मानें तो चंदेल वंशज राजा सूर्य उपासक थे। लिहाजा महोबा में सूर्य मंदिर का निर्माण कराया गया था। करीब एक हजार वर्ष से भी अधिक प्राचीन इस मंदिर में भगवान भाष्कर अर्थात सूर्य के अलावा ब्रह्मा, विष्णु, महेश, गणेश एवं देवियों की भी मूर्तियां प्राण प्रतिष्ठित थीं।
    मंदिर में प्रवेश के लिए तीन द्वार हैं। यज्ञ के लिए मंदिर के बगल में ही विशाल सूूरज कुण्ड भी बनवाया गया था। परिसर में काली जी की भी प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठित है। स्नान के लिए एक भव्य-दिव्य कुण्ड है। यह कुण्ड 50 फुट लम्बा एवं 50 फुट चौड़ा था। गहराई भी 50 फुट है।
    स्नान करने के लिए नीचे तक पहंुच को सीढ़ियां है। कार्तिक मास की पूर्णिमा पर भव्य-दिव्य मेला आयोजन की परम्परा अभी भी चली आ रही है। समय के साथ इस मंदिर की सुन्दरता का बहुत कुछ क्षतिग्रस्त हो चुका है।
    विशेषज्ञों की मानें तो महोबा का यह सूर्य मंदिर बुंदेलखण्ड की अतुलनीय धरोहर है। खास यह है कि देश के दस चुनिंदा प्राचीन सूर्य मंदिरों में से महोबा का सूर्य मंदिर एक है। यह इलाका उत्तर प्रदेश का सीमा क्षेत्र है। मध्य प्रदेश से जुड़ा होने के कारण अधिकतर आवागमन के संसाधन मध्य प्रदेश से जुड़ते है।
     महोबा सूर्य मंदिर की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट खजुराहो है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से करीब 600 किलोमीटर है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से करीब 400 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन खजुराहो है। सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
25.264219,79.842934

Friday, 11 May 2018

आगरा का किला : प्राचीन सुन्दर धरोहर

     आगरा का किला स्थापत्य कला का एक शानदार आयाम है। उत्तर प्रदेश के शहर आगरा में स्थित आगरा का किला लाल बलुआ पत्थरों की सुन्दर इमारत है।

    आगरा का किला विश्व प्रसिद्ध स्मारक श्रंखला की श्रेष्ठतम धरोहर है। इमारत की विशिष्टता के कारण यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल की सूची में शामिल किया है।
    इसे मुख्यत: मुगल शासकों का शासन स्थली माना जाता रहा है। मुगल शासकों की सर्वाधिक सम्पत्ति, खजाना एवं टकसाल यहीं थी। आगरा का किला मुख्यत: र्इंटों से बना किला है लेकिन इसका बाह्य क्षेत्र लाल बलुआ पत्थरों से आच्छादित है। 
    विशेषज्ञों की मानें तो किला कभी चौहान वंश के राजपूतों की सल्तनत था लेकिन महमूद गजनवी की सेना ने इस पर कब्जा कर लिया था। तत्पश्चात कालांतर में मुगल शासकों का इस किला पर आधिपत्य रहा। ब्रिाटानिया हुकूमत ने भी इसे बतौर राजधानी उपयोग किया। ताजमहल से करीब 2.5 किलोमीटर दूर स्थित आगरा का किला पर्यटकों के पसंदीदा पर्यटन स्थलों में है। लाल बलुुआ पत्थरों की इस शानदार इमारत की भव्यता-दिव्यता देखते ही बनती है। 
       खास यह रहा कि आगरा का किला को वर्ष 2004 के लिए आगा खां वास्तु पुरस्कार से अलंकृत किया गया। भारतीय डाक विभाग ने इस स्मृति पर डाक टिकट भी जारी किया। किला की रक्षा-सुरक्षा को ध्यान में रख कर तोपों के झरोखे एवं रक्षा चौकियां भी हैं। किला के दो भव्य-दिव्य द्वार को दिल्ली गेट एवं लाहौर गेट कहते हैं।
      आगरा का किला की स्थापत्य कला एवं वास्तुशिल्प बेहद सुन्दर एवं आकर्षक है। किला की इमारतों में बंगाली, गुजराती शैली के साथ-साथ हिन्दू एवं मुगल शैली मिश्रित तौर पर दिखती है। आगरा का किला के आंतरिक विन्यास में खास तौर से खास महल, जहांगीरी महल, मीना मस्जिद, जहांगीर का सिंहासन, अंगूरी बाग, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, स्वर्ण मण्डप आदि बहुत कुछ है।
      अंगूरी बाग एक खूबसूरत उद्यान है। दीवान-ए-आम खास तौर से एक मयूर सिंहासन है। दीवान-ए-आम का उपयोग खास तौर से आम जनता से बात करने या फरियादियों की फरियाद सुनने के लिए होता था। 
       दीवान-ए-खास उच्च मंत्रणा का स्थल होता था। दीवान-ए-खास में मुगल शासक उच्च पदाधिकारियों से मंत्रणा करते थे। काला सिंहासन इसकी विशेषता थी। स्वर्ण मण्डप बंगाली शैली की झोपड़ी की छतों वाला एक सुन्दर स्थान है। जंहागीरी महल खास तौर से जहांगीर के लिए बना था। खास महल श्वेत संगमरमर का एक शानदार महल है।
   मछली भवन तालाबों एवं फव्वारों से सुसज्जित जनानखाना था। खास तौर से महिलाओं के उत्सव आयोजित करने वाला एक खूबसूरत स्थान है। मीना मस्जिद एक छोटी खूबसूरत मस्जिद है। मोती मस्जिद शाहजहां की निजी मस्जिद थी। 
    नगीना मस्जिद खास तौर से दरबार की महिलाओं के लिए निर्मित मस्जिद थी। इसके भीतर जनाना मीना बाजार भी था। इस मीना बाजार में सिर्फ महिलायें ही सामान बेचा करती थीं। नौबत खाना खास तौर से संगीतज्ञों के लिए था।
      मुगल शासक नौबत खाना में संगीत सुनते थे। रंग महल रानियों एवं पट रानियों का निवास स्थान था। शाही बुर्ज शाहजहां का निजी क्षेत्र था। शीश महल छोटे जड़ाऊ शीशों का महल था। यह राजसी परिधान बदलने का स्थान था। कुछ यूं कहें कि आगरा का किला में काफी कुछ खास था तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी।
     आगरा का किला की यात्रा के लिए आवागमन के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट आगरा है। एयरपोर्ट से आगरा किला की दूरी करीब 7 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन आगरा है। सड़क मार्ग से भी आगरा की यात्रा की जा सकती है।
27.179533,78.021112

Thursday, 12 April 2018

हवा महल : एक शानदार स्मारक

     राजस्थान राजपूताना आन-बान एवं शान के प्रतीक 'हवा महल"  को दुनिया में शीर्ष ख्याति हासिल है। जयपुर स्थित इस स्मारक को गुलाबी शहर जयपुर की शान समझा जाता है। पिरामिड आकार का हवा महल पांच मंजिला खास इमारत है।

   विशेषताओं के कारण हवा महल देश-दुनिया के पर्यटकों के बीच खास लोकप्रिय है। कहावत है कि हवा महल नहीं देखा तो कुछ नहीं देखा। गुलाबी शहर जयपुर का यह राजसी महल 1798-1799 में बना था। महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने इस खास महल का निर्माण कराया था। 
   हवा महल का डिजाइन किसी बेहतरीन राजमुकुट की भांति किया गया है। हवा महल का डिजाइन लाल चंद उस्ताद ने तैयार किया था। इस अद्वितीय इमारत का डिजाइन भी अद्भुत है।
     पांच मंजिला इस इमारत का उपरी हिस्सा मात्र डेढ़ फुट चौड़ा है लेकिन भूतल पर हवा महल की भव्यता-दिव्यता दिखती है। मधुमक्खियों की छत्ता समान दिखने वाले इस हवा महल में 953 बेहद खूबसूरत एवं आकर्षक खिड़कियां हैं। इन खिड़कियों को बनाने के पीछे मंशा थी कि राज परिवार की महिलायें युवतियां खिड़कियों से रोजमर्रा की आम जिंदगी देख सकें लेकिन आम आदमी राज परिवार को न देख सकें।
     इसके अलावा जालीदार झरोखों एवं खिड़कियों से सदैव शीतल हवा के झोंके महल के अंदर महसूस किये जा सकें। शायद यही कारण है कि तेज धूप एवं भीषण गर्मी में भी हवा महल वातानुकूलित रहता है। चूना, बालू एवं लाल पत्थरों के संयोजन से बना हवा महल जयपुर के व्यापारिक केन्द्र के मुख्य मार्ग पर स्थित है। यह जयपुर के सिटी पैलेस का हिस्सा है।
     प्रात:काल सूर्य की गुलाबी रोशनी में हवा महल का अद्भुत दृश्य दिखता है। हवा महल की पांच मंजिला इमारत की ऊंचाई करीब 50 फुट है। सबसे उपरी तीन मंजिल में लम्बे चौड़े कक्ष बने हैं। महल के सामने का हिस्सा खुला है। जिससे सड़क के आवागमन को आसानी से देखा जा सकता है। बलुआ पत्थरों से बनी छोटी-छोटी खिड़कियां बेहद आकर्षक दिखती हैं। खूबसूरत नक्काशीदार जालियां, कंगूरे एवं गुम्बद हवा महल के मुख्य आकर्षण हैं। 
     इमारत के पीछे एवं आंतरिक हिस्से में आवश्यकताओं के अनुसार कक्ष बने हैं। हवा महल का मुख्य हिस्सा बेहद सुन्दर एवं आकर्षक है तो वहीं पाश्र्व हिस्सा बेहद साधारण दिखता है। हवा महल की सांस्कृतिक एवं वास्तुशिल्प छवि राजपूताना अंदाज को बयां करती है।
      हवा महल वस्तुत राजपूताना शिल्पकला, मुगल शैली एवं परम्परागत शैली का अनूठा मिश्रण है। सुन्दर नक्काशी एवं सुन्दर मेहराब आदि मुगल शैली को बयां करते हैं तो वहीं कक्ष एवं गुंबदों की शैली राजपूताना शिल्प शैली को रेखांकित करते हैं। सिटी पैलेस की ओर से हवा महल में प्रवेश करने पर एक बड़ा सा आंगन है। इस आंगन में एक भव्य-दिव्य संग्रहालय है।
     विशेषज्ञों की मानें तो हवा महल महाराजा जय सिंह का पसंदीदा विश्राम गृह था। कारण हवा महल की आंतरिक साज-सज्जा बेहद सुन्दर एवं आकर्षक थी। हवा महल के सभी कक्षों के सामने फव्वारों की सुन्दर व्यवस्था है। जिससे हर पल-हर क्षण ताजगी का एहसास होता है। 
    हवा महल का रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य राजस्थान का पुरातात्विक विभाग करता है। खास यह है कि हवा महल बिना किसी आधार के बना विश्व का सबसे ऊंचा महल है। हवा महल में सामने से प्रवेश के लिए कोई द्वार नहीं है। पिछले हिस्से से ही हवा महल में प्रवेश किया जा सकता है। हवा महल को पैलेस ऑफ विंड्स भी कहा जाता है।
    हवा महल को 953 सुन्दर खिड़कियां शीतल रखती हैं। हवा महल का निर्माण खास तौर से राज घराना या शाही परिवार की महिलाओं एवं युवतियों के लिए किया गया था। हवा महल की खासियत कई फिल्मों में दृश्यांकित हो चुकी है।
      हवा महल की यात्रा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जयपुर में है। जयपुर रेल मार्ग से भी जुड़ा है। जयपुर रेलवे स्टेशन है। इसके अलावा सड़क मार्ग से जयपुर की यात्रा की जा सकती है।
26.923936,75.826744

Tuesday, 10 April 2018

मैसूर राजमहल: सुन्दर समृद्ध धरोहर

      मैसूर राजमहल भारत का एक अति समृद्ध धरोहर है। कर्नाटक के मैसूर शहर स्थित यह राजमहल देश के चुनिंदा एवं खास पर्यटन स्थलों में से एक है। पुरातात्विक आन-बान एवं शान का प्रतीक यह राजमहल खूबियों से आच्छादित है।

    मैसूर का यह राजसी महल चामुंडी हिल्स पर स्थित है। इसे महाराजा पैलेस, राजमहल एवं अम्बा विलास पैलेस भी कहा जाता है। वाडियार राजघराने का यह राजमहल द्रविड़, पूर्वी एवं रोमन स्थापत्य कला का अद्भुत संगमन है।
     विशिष्टताओं के कारण मैसूूर राजघराने का यह महल पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र है। स्लेटी रंग के पत्थरों से बने इस महल के गुम्बद लाल रंग के पत्थरों से सुसज्जित हैं।
    खास यह कि पहले यह राजमहल चंदन की लकड़ियों का बना था लेकिन पुर्नरुद्धार के बाद इस राजमहल ने एक नया रूप रंग ले लिया। चंदन के राजमहल को अब संग्रहालय के तौर पर परिवर्तित कर दिया गया है। सुन्दरता का शिखर कहे जाने वाले इस राजमहल में एक बड़ा दुर्ग है। इस दुर्ग के गुम्बद सोने के पत्तरों से सुशोभित हैं। सूरज की रोशनी में यह गुम्बद आैर भी निखर आते हैं।
    मैसूर के इस राजमहल में एक गुड़िया घर भी है। इसे गोम्बे थोट्टी भी कहते हैं। इस गुड़िया घर में गुड़िया सहित साज-सज्जा की बेहतरीन सामग्री भी हैं। विशेष यह है कि इसमें लकड़ी का एक हौदा भी है। इस हौदा को सजाने में 84 किलो सोने का इस्तेमाल किया गया है। इस हौदे को हाथियों की पीठ पर सजाया जाता था। जिससे राजा बैठ सकें। गोम्बे थोट्टी के सामने सात तोपें भी विद्यमान हैं। इन तोपों को दशहरा सहित अन्य त्योहारों-पर्व पर दागा जाता है।
    राजमहल में गजद्वार भी है। यह राजमहल का प्रवेश द्वार है। राजमहल के मध्य में कल्याण मंडपम है। यह स्थान खास तौर शादी विवाह या अन्य मांगलिक कार्यों के उपयोग के लिए निर्धारित था। इसकी छत रंगीन कांच के टुकड़ों से संरचित है। फर्श पर चमकदार पत्थर के टुकड़े लगे हैं।
   अन्य राजसी महलों की भांति यहां भी दीवान-ए-आम है। दीवान-ए-आम राजसी चित्रों, पोशाकों एवं हथियारों से सुसज्जित है। लकड़ी के दरवाजों की नक्काशी सुन्दरता को आैर भी बढ़ाते हैं। छतों पर लगे झाड़-फानूस राजमहल की शोभा में चार चांद लगाते हैं। दशहरा पर्व पर 200 किलो सोना से बने सिंहासन को आम जनता के लिए प्रदर्शित किया जाता है। 
    राजमहल परिसर में प्रवेश करते ही सोने से कलश से सजा देव स्थान है। राजमहल के ठीक सामने दिव्य-भव्य उद्यान है। राजमहल के दर-ओ-दीवार एवं स्तम्भ की बारीक एवं सुन्दर नक्काशी देखते ही बनती है। दर-ओ-दीवार पर कृष्णराजा वाडियार, उनके परिवार एवं उत्तराधिकारियों के शानदार जोशीले चित्र शोभायमान हैं। 
    इनमें राजतिलक से लेकर सैन्यबलों के चित्र सहित यशोगाथा का वर्णन है। मध्य के विशाल कक्ष में छत नहीं है। चौतरफा गुंबद हैं। यह गुंबद रंगबिरंगे कांच के टुकड़ों से सजे हैं। लिहाजा सूरज एवं चांद की रोशनी में राजमहल का कोना जगमगा उठता है।
    राजमहल का प्रथम तल पूजा-अर्चना के लिए निर्धारित था। लिहाजा यह देव स्थान है। स्तम्भ श्रंखला से घिरा दरबार हाल है। द्वितीय तल पर यह एक गोलाकार स्थान है। यहां महाराजा एवं महारानी जनता की फरियाद सुनते थे। इसी तल के पिछले भाग में तीन सिंहासन रखे हैं। यह सिंहासन महाराजा, महारानी एवं युवराज के लिए थे। 
    राजमहल की चकाचौंध देश-दुनिया में खास ख्याति रखती है। दशहरा सहित विशेष पर्व पर राजमहल को रोशनी से सजाया जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो राजमहल में रोशनी के लिए 97000 बल्बों का उपयोग किया जाता है।
     रोशनी भी गजब की होती है। इस जगमगाहट को देख कर आंखे चौंधिया जाती हैं। मैसूर राजमहल में एक दर्जन से अधिक मंदिर एवं देव स्थान है। खास यह कि हर मंदिर की बनावट एवं वास्तुशिल्प अलग-अलग है। मैसूर रियासत के इस राजमहल को देखने के लिए दुनिया के पर्यटक आते रहते हैं।
     मैसूर राजमहल अर्थात अम्बा विलास पैलेस की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू से मैसूर की दूरी करीब 150 किलोमीटर है। निकटतम एयरपोर्ट करीब 140 किलोमीटर दूर बेंगलुरू में है। मैसूर रेल मार्ग से जुड़ा है। लिहाजा रेल मार्ग से भी मैसूर की यात्रा की जा सकती है। सड़क मार्ग से मैसूर राजमहल की यात्रा की जा सकती है।
12.324301,76.613106

Wednesday, 4 April 2018

ताजमहल : अतुलनीय धरोहर

    उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित 'ताजमहल" वस्तुत: वास्तुकला की एक उत्कृष्ट संरचना है। 'ताजमहल" की संरचना में भारतीय, फारसी, तुर्क, इस्लामी तुर्की स्थापत्य शैली का संतुलित समन्वय दिखता है। इसे यूं कहें कि 'ताजमहल" स्थापत्य कला का एक सुन्दर आयाम है तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी।

    'ताजमहल" दुनिया के आठ चमत्कारों में से एक है। सुन्दर सफेद संगमरमर का यह स्मारक वैश्विक धरोहर है। 'ताजमहल" का निर्माण मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में कराया था।
   वास्तुकला-स्थापत्यकला के वैश्विक घटकों के इस समिश्रण को वर्ष 1983 यूनेस्को ने विश्व धरोहर श्रंखला में स्थान दिया था। 'ताजमहल" को भारत की इस्लामिक कला का रत्न भी घोषित किया जा चुका है।
     'ताजमहल" का दीदार करने के लिए दुनिया के लाखों पर्यटक आते हैं। कारण 'ताजमहल" की वैश्विक स्तर पर चमक है। लिहाजा 'ताजमहल" का आकर्षण पर्यटकों को बरबस आकर्षित करता है। 'ताजमहल" का अंग-प्रत्यंग अवलोकन को बाध्य करता है। जालीदार मेहराब हो या महीन नक्काशी या फिर जड़ाऊ पच्चीकारी हो। चार बाग की तो शान ही निराली है।
      'ताजमहल" के सौन्दर्य को कुछ यूं कहें कि धरती पर साक्षात चांद उतर आया है तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में पवित्र नदी यमुना के आंचल के निकट संरचित यह दूधिया स्मारक 'ताजमहल" भारत की शान भी है। अतुलनीय धरोहर 'ताजमहल" का निर्माण करीब 1648 में पूर्ण हुआ था। 
      विशेषज्ञों की मानें तो उस्ताद अहमद लाहौरी को 'ताजमहल" का प्रधान रूपांकनकर्ता माना जाता है। वर्गाकार नींव पर आधारित श्वेत संगमरमर का यह मकबरा बहुकक्षीय है। इस मकबरा का गुम्बद आधार से करीब 35 मीटर है। हालांकि इसका मुख्य गुम्बद 7 मीटर ऊंचा बेलनाकार है।
    'ताजमहल" के गुम्बद के साथ साथ छतरियां एवं गुलदस्तों पर कमलाकार शिखर शोभायमान हैं। सूर्यास्त के समय ताज का दीदार बेहद शानदार होता है। 'ताजमहल" के चारों कोनों की विशाल मीनारों का भी अपना एक अलग आकर्षण है। संरचना ऐसी की कि पर्यटकों को मुग्ध कर दे। वस्तुत: 'ताजमहल" की संरचना वास्तुकलाओं-स्थापत्यकलाओं का एक विलक्षण समन्वयन है।
     'ताजमहल" के आंतरिक कक्ष परम्परागत अलंकरण से अलग है। बहुमूल्य पत्थरों एवं रत्नों की लैपिडरी कला है। आंतरिक कक्ष में अष्टकोण हैं। किसी भी कोण के प्रवेश द्वार से कक्ष में प्रवेश किया जा सकता है। आंतरिक दीवारें करीब 25 मीटर ऊंची हैं। इससे कक्ष की भव्यता-दिव्यता परिलक्षित होती है। कक्ष के बाहर मेहराबार छज्जा शोभायमान हैं। मुमताज महल की कब्रा आंतरिक कक्ष के मध्य में है।
    परिसर में विशाल चारबाग है। इसे मुगल बाग भी कहते हैं। इस बाग का पाथवे ऊंचा है। यमुना नदी की ओर महताब बाग एवं चांदनी बाग भी हैं। यह क्षेत्र भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के सानिध्य में संरक्षित है। विशेषज्ञों की मानें तो यह क्षेत्र यमुना नदी का हिस्सा था। 'ताजमहल" का मुख्य दरवाजा भी एक स्मारक के तौर पर है। निकट ही लाल बलुआ पत्थरों की दो इमारतें हैं।
      'ताजमहल" के दीदार के लिए प्रत्येक वर्ष 20 से 40 लाख पर्यटक आते हैं। इनमें 2 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक होते हैं। गौरतलब है कि विदेश का कोई भी शासकीय अतिथि भारत दौरे पर आता है तो 'ताजमहल" के दीदार के लिए आगरा की यात्रा अवश्य करता है।
    'ताजमहल" स्मारक को देखने आगरा जाने के लिए यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट आगरा में है। रेलवे स्टेशन भी आगरा है। लिहाजा पर्यटक एयरपोर्ट, रेल या सड़क मार्ग से आगरा की यात्रा कर सकते हैं।
27.175015,78.042155

शांति निकेतन: सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर    शांति निकेतन को आध्यात्मिक धरोहर कहा जाना चाहिए। जी हां, शांति निकेतन संस्कृति, परम्परा...