नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान: विलक्षण धरोहर
नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान को भारत की शान एवं विलक्षण धरोहर कहा जाना चाहिए। जी हां, इसका प्राकृतिक सौन्दर्र्य अतुलनीय है।
शायद इसी लिए यूनेस्को ने नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान को विश्व धरोहर घोषित किया है। भारत के प्रांत उत्तराखण्ड के जिला चमोली का यह सुन्दर हिस्सा वैश्विक पर्यटकों का बेहद पसंदीदा है।
वस्तुत: यह इलाका नन्दा देवी पर्वत एवं आसपास का क्षेत्र है। इस सुन्दर अभयारण्य में प्रकृति का हर नायाब रंग देखने को मिलेगा।
नन्दा देवी पर्वत एवं उसके आसपास के सम्पूर्ण इलाका को नन्दा देवी राष्ट्रीय अभयारण्य के नाम से जाना पहचाना जाता है।
अभयारण्य करीब 630.33 वर्ग किलोमीटर दायरे में फैला हुआ है। विशेषज्ञों की मानें तो उत्तर भारत का यह अति विशालतम अभयारण्य है।
भारत सरकार ने नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान को वर्ष 1982 में राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया था। खास यह कि विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी भी नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में स्थित है।
खास यह कि फूलों की घाटी सहित इस विहंगम अभयारण्य को वर्ष 1988 में यूनेस्को ने विश्व धरोहर घोषित किया था।
फूलों की घाटी एवं नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान संयुक्त रूप से नन्दा देवी बायोस्फियर रिजर्व बनता है। इसका कुल क्षेत्रफल 2236.74 वर्ग किलोमीटर है।
नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान की खासियत यहीं समाप्त नहीं होती है। यूनेस्को की वैश्विक बायोस्फियर रिजर्व की सूची में नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान को 2004 में स्थान दिया गया।
खास यह कि यह विशालतम नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान दो हिस्सों में दर्शित है। इसे बाहरी एवं भीतरी दायरे में रखा गया है।
दक्षिणी दिशा में अभयारण्य पर्वत चोटियों से घिरा है। उत्तर दक्षिण दिशा में पर्वत श्रंखलाएं ऋषिगंगा दर्रे में समाहित हो गयी हैं।
विशेषज्ञों की मानें तो इस सुन्दर अभयारण्य की खोज वर्ष 1907 में लाँगस्टाफ ने की थी। दरअसल, लाँगस्टाफ ने त्रिशूल पर्वत शिखर की यात्रा की थी। पर्वतारोहण के दौरान उनको बहुत कुछ दिखा।
खास यह कि पर्यटक नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान में प्राकृतिक सौन्दर्य एवं विहंगमता के रोमांच का सुखद एहसास करते हैं।
चौतरफा पर्वत श्रंखला का आच्छादन मन मस्तिष्क को प्रफुल्लित कर देता है। करीब ढ़ाई दर्जन पर्वत शिखरों का आच्छादन पर्यटकों को एक खास रोमांच से भर देता है।
अभयारण्य के पर्वत शिखरों को देखें तो नन्दा देवी पर्वत शिखर सर्वाधिक ऊंचाई वाला शिखर है। नन्दा देवी पर्वत शिखर की समुद्र तल से ऊंचाई करीब 7816 मीटर है।
इसी प्रकार समुद्र तल से देवीस्थान एक की ऊंचाई 6678 मीटर, देवीस्थान दो की ऊंचाई 6529 मीटर, ऋषिकोट की ऊंचाई 6236 मीटर, हनुमान की ऊंचाई 6075 मीटर, दूनागिरी की ऊंचाई 7066 मीटर है। चांगाबांग की ऊंचाई 6864 मीटर, कलंक की ऊंचाई 6931 मीटर, ऋषि पहर की ऊंचाई 6992 मीटर, मंगराओ की ऊंचाई 6568 मीटर, देव दमला की ऊंचाई 6620 मीटर, बमचु की ऊंचाई 6303 मीटर, सकरम की ऊंचाई 6254 मीटर, लाटु धुरा की ऊंचाई 6392 मीटर, सुनंदा देवी की ऊंचाई 7434 मीटर, नंदा खाट की ऊंचाई 6611 मीटर, पनवाली द्वार की ऊंचाई 6663 मीटर, मैकटोली की ऊंचाई 6803 मीटर, देवटोली की ऊंचाई 6788 मीटर, मृगथनी की ऊंचाई 6855 मीटर, त्रिशूल एक की ऊंचाई 7120 मीटर, त्रिशूल दो की ऊंचाई 6690 मीटर, त्रिशूल तीन की ऊंचाई 6008 मीटर बेथरटोली हिमल की ऊंचाई 6352 मीटर है।
इसी प्रकार हरदेओल, त्रिशूली, नंदाकोट एवं नंदाघुण्टी की ऊंचाई भी अतुलनीय है। इस शानदार अभयारण्य में विभिन्न 130 प्रकार के प्रजातियों के पक्षियों का कलरव अनुगूंजित होता रहता है। हजारों प्रजातियों की तितलियां परिवेश को खुशनुमा बनाये रखती हैं।
अभयारण्य में हिमालयी भालू, हिम तेंदुआ, हिमालयी ताहर, भारल, कस्तूरी हिरण, लंगूर, हिमालयी चीता, लाल लोमड़ी सहित असंख्य जीव-जन्तुओं से अभयारण्य आच्छादित रहता है।
चौतरफा हिम शिखर का सौन्दर्य नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान के प्राकृतिक सौन्दर्य में चार चांद लगा देते हैं।
नदियों, झीलों-झरनों का सौन्दर्य पर्यटकों को बरबस आकर्षित करता है। वनस्पतियों की आैषधीय एवं भीनी-भीनी सुगंध दिल-दिमाग को एक विशेष ताजगी प्रदान करते हैं। फूलों की विविधिता यहां देखते ही बनती है।
फूलों की सुगंध मन मस्तिष्क को प्रफुल्लित कर देती है। अत्यधिक ऊंचाई पर होने के कारण नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान बादलों का आशियाना सा प्रतीत होता है। पर्यटक यहां बादलों संग रोमांच का विशेष एहसास करते हैं।
नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जॉली ग्रांट एयरपोर्ट देहरादून है।
जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान की दूरी करीब 222 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन हरिद्वार जंक्शन है। हरिद्वार जंक्शन से नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान की दूरी करीब 202 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान की यात्रा कर सकते हैं।
30.554800,79.566000
30.554800,79.566000












No comments:
Post a Comment