Friday, 26 October 2018

नरेन्द्र नगर: खूबसूरती का हर रंग

    नरेन्द्र नगर को विलक्षण शहर कहें तो शायद कोई बड़ी बात न होगी। यहां प्रकृति का हर रंग नरेन्द्र नगर को इन्द्रधनुषी बनाता है।

    उत्तराखण्ड का यह शहर पौराणिकता के साथ पर्यटन की भी खासियत रखता है। नरेन्द्र नगर उत्तराखण्ड का भले ही एक छोटा शहर हो लेकिन इसका इतिहास अति समृद्धशाली है। 

   ऋषिकेश से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित यह पर्वतीय शहर वर्ष 1903 में खास हो गया। कारण उस वक्त टिहरी रियासत के राजा नरेन्द्र शाह ने राज्य की राजधानी प्रताप नगर से हटा कर नरेन्द्र नगर बनाने का फैसला किया था।

  खास तौर से टिहरी रियासत के कार्मिकों के लिए खूबसूरत भवनों की एक लम्बी श्रंखला विकसित की गयी थी। अल्पाइन के सुन्दर पेड़ों से घिरा नरेन्द्र नगर समुद्र तल से करीब 1322 मीटर ऊंचाई पर स्थित है। पौराणिक शहर होने के साथ ही नरेन्द्र नगर का दिव्य-भव्य स्वरूप पर्यटन गंतव्य के रूप में दिखता हैं। 

   नरेन्द्र नगर से हिमालय का सुन्दर एवं दिव्य-भव्य स्वरूप दिखता है तो वहीं सुन्दर एवं शानदार परिदृश्य पर्यटकों को रोमांचित करता है। वस्तुत: देखें तो नरेन्द्र नगर पर्यटन क्षेत्र में अपना एक अलग एवं विशिष्ट स्थान रखता है। नरेन्द्र नगर वस्तुत: ऋषिकेश का पीक प्वाइंट है।

   नरेन्द्र नगर से दून घाटी, यमुनोत्री एवं गंगोत्री के भव्य-दिव्य दर्शन होते हैं। रॉयल पैलेस अपनी खास खूबसूरती एवं स्थापत्य कला के लिए विशेष तौर से जाना पहचाना जाता है।
   खास यह कि नरेन्द्र नगर की आबोहवा एवं प्राकृतिक परिवेश मन-मस्तिष्क को एक रोमांच से झंकृत कर देता है।

    बर्फ की चादर से आच्छादित पर्वत चोटियां सुन्दरता को खुद-ब-खुद बयां करती हैं। नरेन्द्र नगर में गंगा किनारे योग-ध्यान का अपना एक अलग ही आनन्द एवं सुखानुभूति होती है। योगासन के अलावा साहसिक खेलों के लिए भी यह सर्वाधिक उपयुक्त भूमि है।

    नरेन्द्र नगर का आयुर्वेदिक उपचार विशेष तौर पर ख्याति रखता है। यहां का आयुर्वेदिक उपचार शारीरिक कायाकल्प प्रदान करता है। जिससे पर्यटक स्वयं को अति ऊर्जावान होने का एहसास करते है। निकट ही आगरखल गांव है। 

    लोक संस्कृति का आनन्द लेने के लिए पर्यटक यहां भी भ्रमण कर सकते हैं। यहां का शांतिपूर्ण परिवेश एक सुखद अनुभूति प्रदान करता है। नरेन्द्र नगर का टेरा मंजिल मंदिर उत्तराखण्ड सहित देश भर में खास प्रसिद्ध है। टेरा मंजिल मंदिर हिन्दुओं के सभी देवी-देवताओं को समर्पित है। देवी देवताओं की आकर्षक एवं सुन्दर प्रतिमाएं प्रतिष्ठापित हैं।

    अत्यधिक ऊंचाई पर होने के कारण सूर्योदय एवं सूर्यास्त का विलक्षण दृश्य यहां से अवलोकित होता है। यहां से आसपास का विहंगम दृश्य दिखता है। नरेन्द्र नगर का कामाक्षी देवी मंदिर भी अपनी सुन्दरता एवं विलक्षण स्थापत्य कला के लिए विशेष जाना पहचाना जाता है।
    कामाक्षी देवी के दर्शन से श्रद्धालुओं-पर्यटकों को एक सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। मान्यता है कि यहां दर्शन करने से शक्ति, प्रसन्नता एवं समृद्धि हासिल होती है। 
   नरेन्द्र नगर में प्रवेश करते ही एहसास होता है कि प्रकृति की गोद में विचरण कर रहे हों। ऊंचाई पर होने के कारण बर्फबारी एवं बादलों का स्वच्छंद विचरण रोमांचित करता है। नरेन्द्र नगर प्रकृति, स्थापत्य कला एवं सौन्दर्य शास्त्र का एक सुन्दर आयाम है।
    नरेन्द्र नगर की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट जॉली ग्रांट देहरादून है। देहरादून से नरेन्द्र नगर की दूरी करीब 33 किलोमीटर है। निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है। ऋषिकेश से नरेन्द्र नगर की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी नरेन्द्र नगर की यात्रा कर सकते हैं।
30.121280,78.293940

No comments:

Post a Comment

शांति निकेतन: सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर    शांति निकेतन को आध्यात्मिक धरोहर कहा जाना चाहिए। जी हां, शांति निकेतन संस्कृति, परम्परा...